• Thu. Aug 20th, 2026

कांग्रेस चलाएंगी वोट चोर-गद्दी छोड़ अभियान, जिलाअध्यक्ष बोले- पांचों विधानसभा की वोटर लिस्ट की जांच कराएंगे, कमियों को दूर करेंगे

BySurendra Jain

Aug 18, 2025

खबर पक्की, 18 अगस्त, रतलाम। रतलाम कांग्रेस के नवागत ग्रामीण जिलाध्यक्ष हर्ष विजय गेहलोत और शहर अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा ने सोमवार को संयुक्त प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार और अफसरशाही को लेकर जमकर हमला बोला।
उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार में बिना लेन-देन कोई काम नहीं हो रहा है, जनता परेशान है, और लोकतांत्रिक व्यवस्थाएं कमजोर हो रही हैं। उन्होंने संगठन में व्याप्त कमियों को स्वीकारते हुए उन्हें दूर करने की बात भी कही।
गेहलोत ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा शुरू किए गए ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ अभियान को रतलाम जिले में जन आंदोलन का रूप दिया जाएगा। इसके तहत रतलाम शहर की पांचों विधानसभा सीटों में पिछले तीन लोकसभा, विधानसभा और नगरीय निकाय चुनावों की वोटर लिस्ट का अध्ययन किया जाएगा।
उन्होंने दावा किया कि बीते दो चुनावों में रतलाम में 26 से 30 हजार मतदाता जबरन जोड़े गए, जबकि 12 हजार से अधिक वैध वोटरों के नाम काटे गए। इस पर गंभीरता से जांच कराई जाएगी। प्रत्येक विधानसभा में टीम गठित की जाएगी और जिला स्तर पर एक संयोजक की नियुक्ति होगी।
हमेशा सड़कों पर उतरेंगे जनता के लिए
शहर कांग्रेस अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा ने कहा कि कांग्रेस संगठन जनता की समस्याओं को लेकर हमेशा सड़क पर उतरा है और आगे भी उतरेगा। उन्होंने कहा कि रतलाम के महापौर का अब तक का कार्यकाल पूरी तरह शून्य रहा है। नगर की समस्याओं को लेकर कांग्रेस लगातार आवाज उठाती रहेगी।
गेहलोत ने कहा कि रतलाम जैसे जिले में कांग्रेस कभी बेहद मजबूत रही है, लेकिन बीते कुछ वर्षों में भाजपा ने प्रलोभन, दबाव और वोटों की चोरी की राजनीति के जरिए कांग्रेस को कमजोर किया। उन्होंने कहा कि संगठन को फिर से मजबूत किया जाएगा और नए युवाओं को जोड़ा जाएगा।
‘सीएम ने जिले का अपमान कियाÓ
गेहलोत ने कहा कि प्रदेश में अत्याचार बढ़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के मंत्री विजय शाह ने ‘ऑपरेशन सिंदूरÓ के महान सेना नायकों के खिलाफ अपमानजनक भाषा का उपयोग किया, और इसके बावजूद मुख्यमंत्री ने रतलाम में उन्हीं के हाथों झंडावंदन करवा कर जिले की जनता का अपमान किया। कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर जन अदालत में जाएगी।
यह रहे मौजूद
प्रेस वार्ता में पूर्व अध्यक्ष महेंद्र कटारिया, युवा कांग्रेस अध्यक्ष मयंक जाट, महामंत्री राजीव रावत, पार्षद यास्मिन शेरानी, प्रवक्ता रश्मि सिंह, शैलेंद्र सिंह अठाना, बसंत पंड्या, फैयाज मंसूरी, जोएब आरिफ समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

error: Content is protected !!