• Wed. Oct 7th, 2026

शिक्षक के सूने मकान में चोरी : रक्षाबंधन पर्व मनाने गांव गए, ज्वेलरी समेत नकदी चुराई; तीन घरों के ताले टूटे

BySurendra Jain

Aug 11, 2025

खबर पक्की, 11 अगस्त, रतलाम। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तीन घरों में चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने ताले तोड़कर घरों में घुसकर जेवर और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदातें उस समय हुईं जब मकान मालिक रक्षाबंधन मनाने अपने रिश्तेदारों के यहां गए थे। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
शिक्षक के घर चोरी, नकदी-जेवर ले भागे
डीडी नगर थाना क्षेत्र के साईं रेसिडेंसी में रहने वाले शिक्षक राजेश माहेश्वरी के घर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। माहेश्वरी मूंदड़ी स्थित एक हायर सेकेंडरी स्कूल में पदस्थ हैं। वे रक्षाबंधन मनाने शुक्रवार शाम को परिवार सहित गांव रिंगनोद गए थे।
सोमवार सुबह जब वे सुबह 8.30 बजे वापस लौटे तो घर के मुख्य गेट के दोनों ताले टूटे हुए थे। अंदर जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी का सारा सामान निकालकर फर्श पर फेंका गया था।
राजेश माहेश्वरी ने बताया कि चोर सोने की अंगूठी, चेन, बिछुड़ी, पायजेब और 35 से 40 हजार रुपए नकद ले गए हैं। घटना की सूचना डीडी नगर पुलिस को दी गई, मौके पर टीम पहुंची और आवेदन लेकर जांच शुरू की।
स्टेशन रोड क्षेत्र में दो सूने मकानों में चोरी
स्टेशन रोड थाना क्षेत्र में भी दो घरों में चोरी की वारदात हुई। पहली घटना रुद्राक्ष कॉलोनी में रहने वाले फाइनेंस कंपनी कर्मचारी सुनील परमार के घर में हुई। वह रक्षाबंधन पर मामा के घर गए थे और पत्नी भी मायके गई थी।
इस दौरान चोरों ने सूने घर का ताला तोड़कर घर में घुसकर चांदी की पायजेब, कंदोरा, बिछिया, सवा तीन ग्राम की सोने की अंगूठी और करीब 10 हजार रुपए चोरी कर लिए।
दूसरी वारदात ओंकार रेसिडेंसी में रहने वाले रेलकर्मी रमेश सोलंकी के घर में हुई। रक्षाबंधन के चलते वे ड्यूटी पर थे और उनकी पत्नी मायके गई हुई थी। चोरों ने घर में घुसकर जेवर और नकदी चुरा ली। शहर में लगातार हो रही चोरी की इन घटनाओं से स्थानीय लोग डरे हुए हैं और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पुलिस जांच में जुटी
तीनों मामलों में मकान मालिकों ने थानों में शिकायत की है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल चोरों का कोई सुराग नहीं मिला है।

You missed

error: Content is protected !!