खबर पक्की, 1 अगस्त, रतलाम। जिले के जावरा में 24वीं बटालियन के असिस्टेंट कमांडेंट रामबाबू पाठक ने शुक्रवार सुबह 11 बजे डिप्रेशन की 50 गोलियां खाकर सुसाइड की कोशिश की। परिजन उन्हें प्राइवेट क्लिनिक लेकर गए।
यहां से शुक्रवार दोपहर 1 बजे उन्हें रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इसके बाद उन्हें इंदौर के बॉम्बे हॉस्पिटल भेजा गया है। रामबाबू की बेटी मुस्कान और परिजन एम्बुलेंस से लेकर उन्हें रवाना हुए हैं। उनका एक बेटा भी है जो भोपाल में रहता है। वो खबर मिलते ही इंदौर के लिए रवाना हो गया।
असिस्टेंट कमांडेंट की पत्नी और बेटी ने बटालियन के सीनियर अधिकारियों पर प्रताडऩा का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि लगातार ड्यूटी के चलते रामबाबू डिप्रेशन में थे। हालांकि, उन्होंने फिलहाल किसी अफसर का सीधे तौर पर नाम नहीं लिया है।
शुक्रवार सुबह रामबाबू बटालियन की परेड में शामिल हुए थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने सुसाइड नोट फेसबुक पर पोस्ट किया था, जिसे बाद में डिलीट कर दिया। बेटी ने बताया कि पापा ने दुनिया छोड़ कर जाने का एक लेटर लिखा है। हालांकि, अभी लेटर सामने नहीं आया है।
असिस्टेंट कमांडेंट ने की खुदकुशी की कोशिश, डिप्रेशन की गोली खाईं, सीनियर अफसरों पर प्रताडऩा का आरोप
