• Wed. Aug 26th, 2026

आदिवासी छात्रों के साथ मारपीट का मामला : हेड कॉन्स्टेबल लाइन अटैच, पुलिस पर लगा था आरोप; जांच के बाद हुई कार्रवाई

BySurendra Jain

Jul 25, 2025

खबर पक्की, 25 जुलाई, रतलाम। चोरी की आशंका में आदिवासी समाज के 6 छात्रों से मारपीट के मामले में एसपी अमित कुमार ने थाना औद्योगिक क्षेत्र के हेड कॉन्स्टेबल शमशुद्दीन को लाइन अटैच कर दिया है। कार्रवाई डीएसपी अजाक अजय सारवान के जांच प्रतिवेदन पर की गई।
बता दें कि 18 जुलाई को शहर के थाना औद्योगिक क्षेत्र अंतर्गत पीएंडटी कॉलोनी में सीताबाई व्यास (93) का सोने का कंगन चोरी हो गया था। महिला के बेटे गोपाल व्यास ने थाने में कंगन चोरी की शिकायत की। पास में ऊपरी मंजिल पर रहने वाले युवकों पर संदेह जताया था। शंका के आधार पर पुलिस ने 6 युवकों को थाने पर लाकर पूछताछ की। बाद में 6 छात्रों ने पुलिस पर थाने ले जाकर पट्?टे से मारपीट का आरोप लगाया। इसके बाद दो छात्रों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
भील प्रदेश विद्यार्थी मोर्चा ने किया था प्रदर्शन
मामला सामने आने के बाद भील प्रदेश विद्यार्थी मोर्चा ने छात्रों के समर्थन में एसपी ऑफिस पहुंचकर सोमवार को प्रदर्शन किया। छात्रों पर पुलिस द्वारा मारपीट कर मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया। दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की थी।
जांच के बाद की कार्रवाई
भील प्रदेश विद्यार्थी मोर्चा की शिकायत के बाद एसपी अमित कुमार ने पूरे घटनाक्रम की जांच के आदेश दिए। अजाक डीएसपी अजय सारवान को जांच सौंपी गई। तीन दिन में रिपोर्ट मांगी गई। डीएसपी ने छात्रों के बयान लेकर जांच पूरी कर रिपोर्ट एसपी को सौंपी। इसके बाद एसपी ने कार्रवाई करते हुए हेड कॉन्स्टेबल को लाइन अटैच कर दिया।

error: Content is protected !!