• Fri. Oct 16th, 2026

कालिका माता मेला: बिजली दरों के विवाद के चलते कुछ देर थमे झूले, आपसी समझौते के बाद फिर हुए शुरू

BySurendra Jain

Oct 16, 2026

खबर पक्की, 16 अक्टूबर, रतलाम। नगर निगम द्वारा आयोजित नवरात्रि के पारंपरिक कालिका माता मेले में आज छठे दिन उस समय अफरातफरी और असमंजस की स्थिति बन गई, जब झूला व्यवसायियों और प्रकाश विभाग के ठेकेदार के बीच बिजली की दरों को लेकर विवाद हो गया। विवाद के चलते कुछ समय के लिए मेले के सभी झूले बंद रखने पड़े, जिससे दूर-दूर से मेला घूमने आए दर्शकों को मायूस होकर लौटना पड़ा। हालांकि, बाद में दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बनने से झूला संचालन सुचारू रूप से शुरू हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर निगम द्वारा मेले में प्रकाश व्यवस्था और बिजली वितरण का ठेका दिया गया था। तय अनुबंध और नियमों के मुताबिक, प्रकाश विभाग के ठेकेदार को झूला व्यवसायियों को नियमानुसार बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराना था और खपत की गई यूनिट के आधार पर तय शुल्क वसूलना था।
लेकिन विवाद तब खड़ा हुआ जब कुछ झूला व्यवसायी बढ़ी हुई या नई दरों के बजाय पुरानी दरों पर ही बिजली उपलब्ध कराने की मांग पर अड़ गए।
मेले के छठे दिन गरमाया माहौल
आज नवरात्रि का छठा दिन होने के कारण मेले में भारी भीड़ उमड़ी थी। ठेकेदार का पक्ष था कि बिजली विभाग की आधिकारिक दरों का फ्लेक्स पहले ही झूला परिसर में चस्पा किया जा चुका है और नियम सभी के लिए समान हैं। दरों को लेकर चल रहे इस गतिरोध के कारण झूला व्यवसायियों ने सांकेतिक विरोधस्वरूप कुछ देर के लिए अपने झूले बंद कर दिए।
अचानक झूले बंद होने से मेला स्थल पर असमंजस की स्थिति बन गई और बच्चों व परिवारों को बिना झूले का आनंद लिए ही निराश होकर वापस लौटना पड़ा।
बातचीत से निकला समाधान
घटना की सूचना मिलते ही स्थिति को संभालने के लिए दोनों पक्षों के बीच बातचीत शुरू हुई। काफी देर चली चर्चा के बाद झूला व्यवसायियों और प्रकाश विभाग के ठेकेदार के बीच नियमों और दरों को लेकर सहमति बन गई। इसके बाद झूले दोबारा शुरू कर दिए गए, जिससे मेला प्रेमियों ने राहत की सांस ली और मेला अपने रंग में लौट आया।

error: Content is protected !!