• Fri. Aug 28th, 2026

दिनभर रुक-रुक कर होती रही बारिश : पिछले 24 घंटे में पिपलौदा व जावरा में ज्यादा बारिश; जिले में 15 इंच पहुंचा आंकड़ा

BySurendra Jain

Jul 14, 2025

खबर पक्की, 14 जुलाई, रतलाम। रतलाम समेत जिले में लगभग एक सप्ताह के ब्रेक के बाद बारिश का दौर फिर से शुरू हो गया है। पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश पिपलौदा में 4 इंच हुई है। जिले में अब तक 15 इंच बारिश हो चुकी है। जो कि पिछले साल के मुकाबले अब तक 6.4 इंच अधिक है।
रविवार रात से ही बारिश का सिलसिला शुरू हो गया था। सोमवार सुबह से लेकर शाम तक कभी रिमझिम तो कभी तेज बारिश का क्रम चलता रहा। शहर का अमृत सागर तालाब भी पानी से लबालब हो गया है। दिनभर रुक-रुक कर हुई बारिश ने शहर में ठंडक का एहसास करा दिया।
रतलाम शहर से लेकर जावरा, पिपलौदा, आलोट समेत पूरे जिले में रुक-रूक बारिश का क्रम दिनभर जारी रहा। पिछले 24 घंटे में जिले में सबसे ज्यादा बारिश पिपलौदा में 4 इंच, जावरा व आलोट में 3-3 व सैलाना में 2 इंच बारिश हुई।
यलो अलर्ट जारी
1 जून से अब तक 389.25 मिमी बारिश दर्ज हो चुकी है। पिछले साल इस समय तक 227.88 मिमी बारिश हुई थी। मौसम विभाग ने 15 जुलाई के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। आगामी दो दिन जिले में अच्छी बारिश की संभावना है। इसके बाद सिस्टम का असर कमजोर हो जाएगा। मौसम विभाग की माने तो दो दिन तक पश्चिमी हिस्से में बारिश के ज्यादा असर की संभावना जताई है।
अब तक हुई बारिश पर एक नजर
रतलाम जिले 1 जून से लेकर 13 जुलाई सुबह 8 बजे तक सैलाना में 612 मिमी, रावटी में 510, पिपलौदा में 489, जावरा में 444, रतलाम में 374, बाजना में 261, आलोट में 276 व ताल में 148 मिमी बारिश हो चुकी है। सोमवार दिन भर में जिले में 3 मिमी बारिश दर्ज की गई।

error: Content is protected !!