खबर पक्की, 13 जुलाई, रतलाम। हरदा में करणी सेना परिवार पर हुए लाठीचार्ज का विरोध रतलाम में करणी सेना परिवार ने किया। रविवार को सेजावता फोरलेन पर दोनों तरफ करणी सेना के लोग सड़क पर बैठ चक्काजाम कर दिया। इससे 1 घंटे तक जाम लगा। पुलिस ने पहुंचकर लोगों को खदेड़ा तो सभी भागे।
हालांकि कुछ समय बाद सभी करणी सेना परिवार के लोग एसपी ऑफिस में आकर बैठे और हनुमान चालीसा का पाठ करने लगे। एएसपी के खिलाफ नारेबाजी कर रहे है। इससे पहले एएसपी ने कहा था कि वह सड़क पर जाम लगने की वजह से कार्रवाई करेंगे।
पुलिस ने समझाने की कोशिश की नहीं माने
फोरलेन पर विरोध करने के दौरान सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लाइन लग गई। पुलिस ने पहले समझाने की कोशिश की। नहीं मानने पर पुलिस ने लाठियां चलाकर सभी को खदेड़ दिया। इससे सभी करणी सैनिक तितर-बितर हो गए।
सभी रविवार दोपहर करीब 3.30 बजे करणी सैनिक इंदौर फोरलेन पर एकत्र होना शुरू हुए। फिर फोरलेन पर एक घंटे तक जाम लगा दिया। थाना औद्योगिक क्षेत्र प्रभारी गायत्री सोनी पहुंची। सभी को समझाया। लेकिन कोई मानने के लिए तैयार नहीं थे।
इसके बाद अन्य अधिकारी और पुलिस बल पहुंचा। सभी को समझाया कि हरदा के मामले का रतलाम से क्या लेना देना। वाहन चालक परेशान हो रहे हे। लेकिन कोई मानने के लिए तैयार नहीं हुए।
एएसपी के समझाने पर नहीं माने
इसके बाद एएसपी राकेश खाखा पहुंचे। उन्होंने भी समझाया। फिर भी करणी सेना के लोग अड़े रहे। फिर पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए बल पूर्वक लाठिया चलाई तो भीड़ तितर-बितर हो गई। खुद एएसपी ने हाथ में लाठी थाम करणी सैनिकों को खदेड़ा। मौके पर अभी पुलिस बल तैनात है। चक्काजाम के कारण वाहनों को डायवर्ट कर पलसोड़ा से नामली होकर निकालना पड़ा। एएसपी राकेश खाखा ने बताया करणी सेना परिवार अध्यक्ष जीवनसिंह शेरपुर की गिरफ्तारी को लेकर कुछ लोगों ने रोड जाम कर दिया था। काफी समझाया। मानने के लिए तैयार नहीं थे। बल पूर्वक हटाया है। सभी के खिलाफ केस दर्ज करेंगे।
करणी सैनिकों के पीछे डंडा लेकर भागे पुलिसकर्मी, खदेड़ा : लोग फोरलेन पर बैठे तो 1 घंटे जाम लगा, एएसपी बोले- सभी के खिलाफ केस करेंगे
