खबर पक्की, 9 जुलाई, रतलाम। नगर निगम की टैक्स वसूली के विरोध में शहर के फुटकर फल-सब्जी विक्रेताओं ने बुधवार (9 जुलाई) को अनोखा प्रदर्शन किया। नगर परिसर में देशभक्ति गीतों के साथ गरबा खेलते हुए निगम के फैसले का विरोध किया। उन्होंने हाथों में फल लेकर डांस करते हुए नगर निगम की वसूली को गलत बताया।
दरअसल, नगर निगम द्वारा पिछले तीन साल से फुटपाथ पर बैठकर कारोबार करने वाले सब्जी-फल और फूड जोन वालों से कोई राशि नहीं ली जा रही थी। पिछले दिनों एमआईसी में प्रस्ताव पास कर बाजार बैठक वसूली शुरू कर दी गई।
फुटकर व्यापारियों से एडवांस में राशि ली जा रही है। 3ङ्ग5 की जगह में बैठे व्यापारियों को छोड़कर बाकी सभी के अलग-अलग रेट तय किए गए हैं। इनमें अलग-अलग व्यापारियों से 50, 100 और 200 रुपए तक की एडवांस राशि नगर निगम के अधिकारियों ने वसूलना शुरू कर दिया है। इसी का विरोध करने व्यापारी नगर निगम पहुंचे।
महापौर, कमिश्नर की समझाइश पर प्रदर्शन खत्म
व्यापारियों के प्रदर्शन को देखते हुए प्रभारी कमिश्नर अनिल भाना व अन्य अधिकारी आए। सभी को समझाया। व्यापारी महापौर प्रहलाद पटेल से मिलना चाहते थे। कुछ देर में महापौर भी आए। सभी की बात सुनी। महापौर के आश्वासन के बाद सभी लोगों ने प्रदर्शन खत्म किया और रवाना हो गए।
व्यापारी बोले- हम यह शुल्क नहीं दे सकते हैं
फुटकर व्यापारी विक्रम भोई ने कहा कि नगर निगम द्वारा 50 और 100 रुपए प्रतिदिन के हिसाब से लिए जा रहे हैं। इतने रुपए में हमारे घर का तीन से चार किलो आटा आता है। हम यह शुल्क नहीं दे सकते हैं। हम किसी तरह का कोई धरना देने नहीं आए। गांधीगीरी करने आए हैं, ताकि नेता और अधिकारी हमारी समस्या समझ सकें।
200 रुपए रोजाना मांग रहे, हम कैसे दे पाएंगे
दो बत्ती इलाके में फास्टफूड कार्ट लगाने वाले सुभाष निनामा ने कहा कि हम 6 बजे बाद गाड़ी लगाते हैं। मुझसे एक दिन के 200 रुपए के हिसाब से 10 दिन के एडवांस रुपए मांगे जा रहे हैं। एक साथ इतनी राशि कैसे दे पाएंगे। राशि कम होनी चाहिए।
फुटकर व्यवसायियों से शुल्क नहीं लेने का फैसला
प्रदर्शन के बाद नगर निगम एमआईसी की बैठक महापौर प्रहलाद पटेल की मौजूदगी में हुई। बैठक में नगरीय क्षेत्र में 3-5 स्क्वॉयर फीट एरिया में जमीन पर बैठकर सब्जी-फल बेचने वाले फुटकर व्यवसायियों से शुल्क नहीं लेने का फैसला लिया गया है।
इसके अलावा ठेले पर सब्जी बेचने वालों से 30 रुपए की जगह 20 रुपए प्रतिदिन, फल विक्रेताओं से 50 की जगह 30 रुपए प्रतिदिन लिए जाएंगे। शहर के अलग-अलग स्थानों पर संचालित खानपान व अन्य दुकानों से 10ङ्ग10 के एरिया के लिए 1 रुपए प्रति स्क्वॉयर फीट और इससे अधिक होने पर 2 रुपए प्रति स्क्वॉयर फीट प्रतिदिन के हिसाब से राशि ली जाएगी।
हाथों में फल-सब्जी लेकर सड़क पर गरबा : रतलाम में फुटकर विक्रताओं का बाजार वसूली का विरोध; प्रदर्शन के बाद नगर निगम ने शुल्क घटाया
