खबर पक्की, 5 जून, रतलाम। सीएम का पुतला छीनते समय पुलिसकर्मी गिर गया। अचानक आग लगने से एक नगर सैनिक के बाल जल गए। वहीं एक कर्मी की शर्ट जली। शनिवार को पिपलौदा कांग्रेसी कमेटी सदस्यों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के खिलाफ अशोक नगर जिले में दर्ज रिपोर्ट को झूठी बताया।
रिपोर्ट वापस लेने की मांग की।
प्रकरण के विरोध में कांग्रेसियों ने सीएम डॉ.मोहन यादव का पुतला भी जलाया। जावरा विधानसभा के पिपलौदा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी और किसान कांग्रेस कमेटी रतलाम ग्रामीण के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने पहले तहसीलदार देवेंद्र धनगर को डीजीपी के नाम ज्ञापन सौंपा। सीएम के पुतला दहन को लेकर पहले से पुलिस मुस्तैद थी।
कार से पुतला निकालकर आग लगाई
ज्ञापन देने के बाद अचानक से एक कार में पुतला लेकर आए कांग्रेसियों ने पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। अचानक से आग भभकने से पुलिसकर्मी और कांग्रेस नेता झुलसने से बचे। समय रहते दूर हटने से जलने से बच गए। इस दौरान तहसीलदार के सुरक्षा गार्ड मोहम्मद शहीद के ऊपर भी आग की लपटे आ गई। जिससे सैनिक के बाल जल गए। सूचना संकलन प्रभारी प्रेम मर्सकोले के शर्ट में भी आग लग गई। आंदोलन में शामिल जिला पंचायत सदस्य राजेश भरावा का कुर्ता भी जल गया। मौके पर मौजूद फायर ब्रिगेड ने पानी की बौछार से आग बुझाई।
तहसीलदार देवेंद्र धनगर ने बताया पुतला दहन के दौरान नगर सैनिक पर कागज का टुकड़ा जलते हुए आया है। कुछ नहीं हुआ है, सामान्य है। जावरा एसडीओपी संदीप मालवीय ने बताया तहसीलदार के सुरक्षा गार्ड के हल्के बाल जले है।
सीएम का पुतला छीनते हुए गिरा पुलिसकर्मी, एक के बाल, दूसरे की शर्ट जली, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष पर प्रकरण के विरोध में प्रदर्शन
