खबर पक्की, 4 जुलाई, रतलाम। शहर में एक महिला नर्स के साथ दुष्कर्म और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीडि़ता ने आरोप लगाया है कि स्वास्थ्य विभाग का पूर्व आउटसोर्स कर्मचारी अजहर खान न सिर्फ उसके साथ ज्यादती कर चुका है, बल्कि उसके पति और बच्चियों को जान से खत्म करने की धमकी भी दे रहा है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बलात्कार और धमकी की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 36 वर्षीय पीडि़ता दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र की निवासी है और एक निजी क्लिनिक में सपोर्ट स्टाफ नर्स के रूप में कार्यरत है। पीडि़ता के अनुसार उसकी आरोपी अजहर खान (निवासी नाहरपुरा) से जान-पहचान कोविड ड्यूटी के दौरान हुई थी। उस समय अजहर स्वास्थ्य विभाग में आउटसोर्स कर्मचारी था। शिकायत के मुताबिक पीडि़ता ने पुलिस को बताया कि 29 जून 2025 को जब वह ड्यूटी पूरी कर घर जाने की तैयारी कर रही थी, तब अजहर क्लिनिक पहुंचा और बातचीत का बहाना बनाकर उसे अंदर के कमरे में ले गया। वहां उसने प्रेम का नाटक कर जबरदस्ती करने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी ने धमकी दी। डर के मारे महिला प्रतिरोध नहीं कर सकी और अजहर ने उसके साथ ज्यादती की।
इसी दिन शाम को क्लिनिक पर स्वास्थ्य विभाग की टीम एक मीटिंग के लिए पहुंची थी, लेकिन क्लिनिक बंद मिला। शक होने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने ताला खुलवाया तो अंदर अजहर और महिला संदिग्ध अवस्था में मिले। इस पर अजहर पर बीएनएस की धारा 170 में प्रकरण दर्ज हुआ और उसे एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जमानत मिल गई थी।
पीडि़ता के पति ने भी अजहर के खिलाफ थाने में शिकायत दी। उन्होंने बताया कि 3 जुलाई को डीआरएम ऑफिस के बाहर अजहर से सामना हुआ। समझाने की कोशिश पर अजहर स्कूटी से भागा, लेकिन गिर पड़ा और गुस्से में गालियां देते हुए धमकाया कि वह पति और बच्चियों को जान से खत्म कर देगा। स्टेशन रोड पुलिस ने आरोपी अजहर खान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64 (बलात्कार) और 351(1) (धमकी देने) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
