खबर पक्की, 13 जून, रतलाम। उमस वाली तेज गर्मी के बाद शुक्रवार शाम जहां जिले में मौसम ने अचानक करवट लेकर गर्मी से थोड़ी राहत दी वहीं तेज आंधी और गरज-चमक के साथ हुई जोरदार बारिश ने जिलेभर में उथल-पुथल मचा दी। बिजली गिरने की दो अलग-अलग घटनाओं में दो महिलाओ की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक का इलाज अस्पताल में जारी है। कई स्थानों पर पेड़ गिरने से रास्ते बाधित हुए हैं। बिजली के तारों को नुकसान पहुंचाने से शहर के कई क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था प्रभावित है।
शुक्रवार शाम 5:00 बजे अचानक मौसम बदल गया। दिन भर की तेज उमस के बाद काले बादल छा गए। कुछ ही देर में तेज आंधी तूफान और गरज चमक के साथ बारिश शुरू हो गई।
तेज हवाओं के कारण कई जगहों पर पेड़ और बिजली के पोल गिरने की सूचना है। एक-दो स्थानों पर टीन शेड तक उड़ गए। शहर में पैलेस रोड पर महल के पास एक विशाल पेड़ गिर गया, जिससे रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। वहीं, राजस्व कॉलोनी में तीन बिजली के पोल गिरने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गनीमत यह रही कि बारिश के साथ ही बिजली सप्लाई पहले ही बंद कर दी गई थी, जिससे कोई हादसा नहीं हुआ। राजस्व कॉलोनी में गाड़ी पर पेड़ गिरनेकी भी सूचना है।
शहर के कस्तूरबा नगर स्थित गली नंबर 4 में पेड़ गाड़ी पर गिर गया। यहां बिजली की लाइन भी टूट गई। गली नंबर 6 और 3 में भी पेड़ की टहनियां गिरी है। बिजली के तारों को भी नुकसान पहुंचा है।
पीएम एक्सीलेंस कालेज में ऑफिस कार्यालय के समीप लगा टिन शेड उड़कर मैदान में गिरा। जेल रोड़ पर भी जेल परिसर में पेड़ गिरने की सूचना है। जवाहर नगर क्षेत्र चार बत्ती चौराहे के समीप बने मकानों में जलभराव हुआ। बरबढ से मेडिकल कॉलेज के बीच में रतलाम बांसवाड़ा रोड पर दो जगह मुख्य मार्ग पर पेड़ गिर गए। जिससे एक साइड का मार्ग अवरुद्ध हो गया। स्टेशन रोड पर मगनलाल बिल्डिंग का एलिवेशन हवा में उड़ गया। गैलरी भी टूटी है।
जावरा के ग्राम मोयाखेड़ा में बिजली गिरने से एक 15 वर्षीय बालिका की मौत की खबर है। वही ग्राम तंबोलिया में भी बिजली गिरने से 1 युवती की मौत हो गई। 1 युवती गंभीर घायल है। बड़ावदा थाने के ग्राम हाट पिपलिया में बिजली गिरने से एक 9 साल का बच्चा घायल हो गया। ग्राम हतनारा में भी बिजली गिरने से एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना है।
तेज हवा तथा वर्षा से रेल यातायात भी प्रभावित हुआ है। इंदौर नई दिल्ली ट्रेन को बड़नगर में रोका गया है।
शहर और ग्रामीण इलाकों से लगातार नुकसान की खबरें आ रही हैं। कहीं मकानों को नुकसान पहुँचा है, तो कही पेड़ गिरे।
