खबर पक्की, 3 जून, रतलाम। 28 मई की रात हुई 22 वर्षीय अरुण असावरा की हत्या को 5 दिन बीत चुके हैं। अभी तक पुलिस हत्या का खुलासा नहीं कर पाई है और न ही आरोपी गिरफ्त में आया है। सोमवार दोपहर परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर एसपी अमित कुमार से मुलाकात की।
बता दें कि मृतक का शव स्टेशन रोड थाना अंतर्गत मित्र निवास कॉलोनी में मिला था। शरीर पर चाकू के निशान था। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया था कि युवक का पहले कालिका माता मंदिर परिसर उद्यान में किसी से विवाद हुआ था। विवाद के बाद उसे चाकू मारा गया। संदिग्ध का नाम भी पुलिस के पास आ गया है। लेकिन वह अभी तक पुलिस गिरफ्त से दूर है।
500 फीट की दूरी पर पुलिस चौकी स्थित
पिता मनोहरलाल असावरा ने बताया कि उनका बेटा अरुण, जो इलेक्ट्रिकल का काम करता था, 28 मई की सुबह काम पर निकला था लेकिन रात भर घर नहीं लौटा। अगले दिन दो अज्ञात व्यक्ति उनके घर आए और अरुण की हत्या की सूचना दी। परिजनों का कहना है कि जिस स्थान पर हत्या की है, वह कालिका माता मंदिर के सामने है। वहां से मात्र 500 फीट की दूरी पर पुलिस चौकी स्थित है। इसके बावजूद आरोपी खुलेआम 12 बार चाकुओं से हमला कर अरुण की हत्या करने में सफल रहा। इससे अपराधियों के हौसले और पुलिस की सुस्ती का अंदाजा लगाया जा सकता है।
संदिग्ध दोस्त का नाम आया सामने
ज्ञापन में बताया कि पूर्व मित्र उत्तम सोलंकी का नाम संदिग्ध रूप में सामने आया है, जो अब उज्जैन में निवास कर रहा है। मृतक के पिता के अनुसार, उसी दिन शाम 7.30 बजे अरुण की बाइक रूक्क 43 क्चक्च 3691 कोई अज्ञात युवक लेकर आया। घर पर सामान की थैली व लाइटें रखकर बाइक लेकर वापस चला गया। यह पूरी घटना घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। आशंका जताई जा रही है कि वही व्यक्ति हत्या के बाद वाहन लेकर फरार हुआ है।
परिजन की मांग- तत्काल हो गिरफ्तारी
परिजनों ने एसपी से मांग की है कि घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज तुरंत खंगाले जाएं। आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज किया जाए। मृतक परिवार को न्याय दिलाया जाए। परिजनों ने उच्चस्तरीय जांच की भी मांग की है।
5 दिन पहले हुई हत्या का नहीं मिला सुराग, परिजन एसपी से मिले, आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग
