• Mon. Aug 31st, 2026

युवक की हत्या : एक माह पहले डीजे पर नाचने को लेकर हुआ था विवाद, रंजिश के चलते किया हमला; दो घायल

BySurendra Jain

May 27, 2025

खबर पक्की, 27 मई, रतलाम। जिले के बड़ोदिया गांव में एक माह पहले शादी समारोह में डीजे पर नाचने को लेकर हुए विवाद की रंजिश में रविवार रात फिर से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि लाठी और पत्थर चले। जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए।
घटना स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के अंतर्गत बड़ोदिया की है, जो शहर से करीब 10 किलोमीटर दूर है। मृतक का नाम श्यामलाल (25) पिता रूपलाल है। रविवार रात श्यामलाल के अंकल के बेटे दीपक की शादी चल रही थी। शादी में दीपक के गांव और ईटावाखुर्द से कुछ दोस्त शामिल हुए थे। सभी ने गांव के शासकीय माध्यमिक स्कूल परिसर में शराब पी। इसी दौरान पुराने डीजे विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। लाठी-डंडे और पत्थरों से हमला कर दिया गया। हमले में श्यामलाल की मौत हो गई, जबकि मनोज (28) और दशरथ (23) घायल हुए हैं।
विवाद की सूचना पर स्टेशन रोड, माणकचौक और सालाखेड़ी पुलिस थानों से बल मौके पर पहुंचा। घायलों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने श्यामलाल को मृत घोषित कर दिया। दो अन्य घायलों को प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। मृतक का सोमवार दोपहर पीएम कर शव परिजनों को सौंपा।
स्कूल परिसर में लगे कैमरे को तोड़ा
जिस जगह घटना हुई है उस स्कूल परिसर में सीसीटीवी लगे है, लेकिन घटना के पहले उन कैमरे को तोड़ दिया। रात में मारपीट के दौरान चिल्लाचोट होने पर घरवालों को पता चली। जब गांव वाले वहां पहुंचे भीड़ को देख हमला करने वाले वहां से भाग गए।
एक माह पहले हुई थी शादी
श्यामलाल के अंकल लखन भीलवाड़ा ने बताया कि श्यामलाल की शादी एक माह पहले पिपलौदा में हुई थी। वह मजदूरी करता था। घटना के समय उसका छोटा भाई संजय भी साथ था। संजय का कहना है कि गांव के सुनील, गौरीशंकर, जगदीश ने ईटावाखुर्द के लड़कों को बुलाया था। जबकि उन्हें शादी में नहीं बुलाया था। पुराने विवाद में बातचीत करने के लिए बुलाकर हमला किया।
हत्या का केस दर्ज, 8 आरोपी हिरासत में
एसपी अमित कुमार ने बताया कि डीजे पर नाचने को लेकर एक माह पहले हुए विवाद की रंजिश में यह घटना हुई। 12 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने 8 आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, बाकी की तलाश जारी है।

error: Content is protected !!