• Sat. Oct 24th, 2026

शहर के तीन मंदिरों में चोरी-शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर, पंचेश्वर महादेव मंदिर और रेलवे कॉलोनी माताजी मंदिर को बदमाशों ने की चोरी की वारदात

BySurendra Jain

May 27, 2025

खबर पक्की, 27 मई, रतलाम। बीती रात बदमाशों ने शहर के तीन मंदिरों को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सुबह सूचना मिलने पर एसपी अमित कुमार के निर्देश पर पुलिस टीमें मौके पर पहुंची और अपनी जांच शुरू की।
ऑफीसर्स कॉलोनी कलेक्टर बंगले के पास विक्रमनगर स्थित मंदिर में चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। बदमाश इतने शातिर रहे कि चोरी से पहले सीसीटीवी कैमरे वाले रूम का ताला चटकाकर कैमरे बंद कर मंदिर के मुख्य दरवाजा का ताला चटकाया।
चोरी की वारदात विक्रमनगर चौराहा कलेक्टर के बंगले के पास स्थित शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर की है। मदिर के पुजारी शिवलाल सोम सुबह 6 बजे मंदिर पहुंचे तो मंदिर के मुख्य दरवाजे का नकूचा लगा होकर ताला नदारत पाने पर शंका हुई। उन्होंने नकूचा खोलकर दरवाजा खोला वैसे ही अंदर सामान अस्त व्यस्त देख समझ गए कि मंदिर में चोरी हो गई। तुरंत ही मंदिर के ट्रस्टी निर्मल जैन को बताया। बाद में पुलिस को भी सूचना दी गई।
बताया जा रहा है कि बदमाश मंदिर के पीछे वाले रास्ते से आकर लोहे का दरवाजा खोलकर परिसर में पहुंचे और सबसे पहले सीसीटीवी कैमरे वाले रूम का ताला चटकाकर कैमरे को संचालित करने वाले उपकरणों के तार निकालकर कैमरे बंद कर दिए। इस कमरे का सामान भी तितर-बितर कर आलमारी को खंगाल मारा। खिडक़ी के रास्ते से जाने के लिए बदमाशों ने बाहरी दरवाजे का कांच फोड़ा लेकिन अंदर लोहे की जाली होने से संभवतया वे यहां से अंदर नहीं पहुंच पाने पर मुख्य दरवाजे का ताला चटकाकर मुंदिर में घुसे।
यहां शांतिनाथ भगवान प्रतिमा के सामने रके दानपात्र को तोडकऱ दानराशि निकाल ली। बदमाश दानपात्र से केवल नोट-नोट ले गए बाकी चिल्लर यहीं छोड़ गए। इसके अलावा यहीं पास में रखे पूजा के लिए उपयोग में आने वाले चांदी के पात्रों को चुरा ले गए। प्रतिमा के अलावा यहां रखी अन्य आलमारियां व सामान सुरक्षित है।
सूचना मिलते ही एएसपी राकेश खाखा सहित फिंगरप्रिन्ट विशेषज्ञ सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची। चोरों का पता लगाने के लिए पुलिस ने यहां बारिकी से छानबीन की।
पंचेश्वर महादेव हनुमान धाम में भी घुसे चोर
चोरों ने बीती रात को थावरिया बाजार मेनरोड में एक मंदिर में भी वारदात की। दानपात्र उठाकर एकतरफ ले जाकर दानराशि पर हाथसाफ कर गए।
थावरिया बाजार मेनरोड पर पंचेश्वर महादेव पंचमुखी हनुमान धाम है। मंदिर के पुजारी धर्मेश दशोत्तर रोजाना की तरह आज सुबह मंदिर खोलने पहुंचे तो मेनगेट पर ताला लगा पाया। मुख्य दरवाजा का ताला खोल अंदर देखा तो पीछे के दरवाजा खुला होकर सामान अस्त व्यस्त पाया, वैसे ही उन्होंने इसकी सूचना समिति के अध्यक्ष गोपाल शर्मा को दी।
शर्मा मंदिर पहुंचे और चोरी की जानकारी स्टेशनरोड थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही स्टेशनरोड थाना पुलिस सहित फिंगर प्रिन्ट विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने यहां भी बदमाशों का सुराग लगाने से बारिकी से छानबीन की। यहां पुलिस को कुछ फिंगर प्रिन्ट भी हाथ लगे है जिसके आधार पर पुलिस चोरों का पता लगाने में जुट गई है।
समिति अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने बताया कि बदमाश बगीचे के रास्ते से परिसर में पहुंचे। और मंदिर के पीछे के दरवाजे का ताला चटकाकर अंदर घुसे। मंदिर में दो दानपात्र है बदमाश इन दोनों दानपात्रों को उठाकर एक तरफ ले गए और ताला तोडकऱ दानराशि पर हाथसाफ कर गए। कितनी राशि गई इसका अभी पता नहीं चल पाया है। बताते है कि ये दानपात्र चार-पांच साल में एक बार खोले जाते है।
रेलवे कॉलोनी माताजी मंदिर में भी चोरी
रेलवे कॉलोनी स्थित माताजी में भी चोरों ने वारदात की है। हालांकि यहां बदमाश बच नहीं पाए। उनकी हरकत सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। पुलिस फूटेज के आधार पर बदमाशों की पता लगाने में जुट गई है। रेलवे कालोनी में मां आद्य शिवशक्ति धाम मंदिर है। रात को चोरों ने यहां भी दानपात्र के गल्ले पर हाथसाफ किए। यहां से माताजी के जेवर भी चुरा ले गए। चोरी का पता चलते ही पुलिस को सूचना दी है। पुलिस फूटेज खंगाल रही है।

You missed

error: Content is protected !!