• Sat. Oct 24th, 2026

आधी रात को किया था पिस्टल से फायर… पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, अवैध पिस्टल जब्त

BySurendra Jain

May 26, 2025

खबर पक्की, 26 मई, रतलाम। 2 दिन पूर्व जावरा में पिस्तौल से फायर कर हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से अवैध पिस्तौल जप्त की गई है।
रविवार को पुलिस कंट्रोल रूम पर एसपी अमित कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 22 मई को फरियादी शाहरुख पिता अब्दुल कुरैशी 31 साल जेल रोड जावरा ने उस पर पिस्टल से फायर की रिपोर्ट की थी। फरियादी के अनुसार 21 मई की रात करीब 11.30 बजे वह पत्नी को लेने सुसराल गया था। इस दौरान फरियादी शाहरुख उसकी पत्नी और ससुर घर के बाहर बैठे हुए थे। रात करीब 12.30 बजे आरोपी अरशद पिता नवाब और उसका दोस्त वसीम उर्फ चौकड़ी वहां आकर विवाद करने लगे।
पुलिस के अनुसार आरोपी अरशद का मानना है कि शाहरुख उसके भाई को बिगाड़ रहा है। इसी बात पर इनकी रंजिश चल रही थी। घटना के दिन अरशद और वसीम दोनों मौके पर गए। विवाद के दौरान अरशद के कहने पर वसीम और चौकड़ी ने पिस्तौल से शाहरुख पर फायर कर दिया। शाहरुख दीवार की आड़ में छुप गया। इसके बाद दोनों आरोपी मौके से भाग गए।
जावरा शहर थाने में प्रकरण दर्ज होने के बाद एसपी अमित कुमार ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए निर्देशित किया। पुलिस ने आज 25 मई को उक्त प्रकरण में फरार आरोपी वसीम चौकड़ी और अरशद को मुखबिर सूचना के आधार पर हुसैन टेकरी जावरा से गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त अवैध पिस्तौल भी बरामद की गई।
एसपी अमित कुमार ने बताया कि आरोपी वसीम चौकड़ी जावरा शहर का हिस्ट्रीशीटर बदमाश है। जिसके विरुद्ध पूर्व से ही जिलाबदर प्रस्तावित है। आरोपी अवैध पिस्टल कहां से लाए इस संबंध में पुलिस रिमांड लेकर पूछताछ करेगी।

You missed

error: Content is protected !!