• Wed. Sep 2nd, 2026

बाइक पर आए हमलावरों ने युवक को चाकू मारकर की हत्या

BySurendra Jain

Mar 28, 2025

खबर पक्की, 28 मार्च, रतलाम। गुरुवार रात डॉट की पुल क्षेत्र में 30 वर्षीय युवक रईस पिता मजिद खान की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना रात करीब 11 बजे की है, जब रईस अपनी बाइक से जा रहा था। तभी एक बाइक पर आए हमलावरों ने उसे रोककर गर्दन और पेट पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से रईस घबराकर जान बचाने के लिए दुकानों की तरफ दौड़ा, लेकिन कुछ दूरी पर गिर गया। इसके बाद हमलावर वहां से फरार हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल रईस को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रात 12.30 बजे शव को मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया, जहां शुक्रवार सुबह पोस्टमॉर्टम किया जाएगा।
हमलावरों का सुराग नहीं मिला
युवक की हत्या की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एएसपी राकेश खाखा, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया समेत शहर के चारों थाना प्रभारी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने क्षेत्र के लोगों से पूछताछ की और सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुट गई। अलग-अलग टीमों को हमलावरों की तलाश में रवाना किया गया, लेकिन देर रात तक कोई सुराग नहीं मिल पाया।
रईस पर आपराधिक मामले दर्ज थे
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक रईस पर भी कई आपराधिक मामले दर्ज थे और वह हाल ही में 307 (हत्या के प्रयास) के मामले में जमानत पर बाहर आया था। पुलिस को जानकारी मिली है कि करीब तीन महीने पहले शिव नगर में शराब बेचने को लेकर रईस का नाना नामक युवक से विवाद हुआ था।
इस विवाद में औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने नाना और उसके साथी अर्जुन व गोलू पर मारपीट का केस दर्ज किया था, जबकि रईस, साहिल और अकरम पर प्राणघातक हमले का मामला दर्ज किया गया था। आशंका जताई जा रही है कि उसी विवाद के चलते रईस की हत्या हुई है।
रेलवे स्टेशन की कैंटीन में काम करता था
मृतक रईस रेलवे स्टेशन के कैंटीन में काम करता था और उसके परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और कुछ संदिग्धों की पहचान कर ली गई है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

You missed

error: Content is protected !!