खबर पक्की, 20 मार्च, रतलाम। रंगपंचमी की रात युवाओं के विवाद में चाकू, लट्ठ व पत्थर चल गए। एक पक्ष के दो युवकों को चाकू लगे है, जिसमें से एक को 9 टांके आए। दोनों को मेडिकल कॉलेज भर्ती कराया गया है। वहीं दूसरे पक्ष के एक युवक के सिर पर पत्थर लगा, जिससे वह घायल हुआ है। जिसे जिला अस्पताल में भर्ती किया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर एक-दूसरे खिलाफ केस दर्ज किया है।
विवाद पुलिस थाना औद्योगिक क्षेत्र अंतर्गत नयागांव राधाकृष्ण मंदिर के पास बुधवार देर शाम हुआ। विवाद का कारण स्पष्ट रूप से सामने नहीं आया है। दोनों पक्ष के घायल एक दूसरे पर आरोप लगा रहे है। जिला अस्पताल में भर्ती अर्जुन (38) पिता प्रेमसिंह सिसोदिया निवासी नयागांव ने पुलिस को बताया- बुधवार शाम को मैं और दोस्त प्रेम सैलाना बस स्टैंड पर थे। प्रेम के पास नयागांव निवासी राधेश्याम दायमा का फोन आया। वह उसे गालियां देने लगा।
प्रेम ने मुझे बताया कि राधेश्याम बिना बात कॉल कर गालियां दे रहा है। मैं उसके साथ समझाने के लिए राधेश्याम के घर गया। वहां पहुंचते ही राधेश्याम और उसके साथी चिराग, दीपक ने विवाद शुरू कर दिया। चिराग ने पत्थर मारा जो मेरे सिर में लगा। आसपास के लोगों ने बचाव किया। मुझे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
दो को लगे चाकू, आए 9 टांके
दूसरी तरफ से चाकू लगने से घायल राधेश्याम पिता जगदीश दायमा व चिराग पिता महेंद्र पटेल दोनों निवासी नयागांव को मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया है। राधेश्याम को सिर व राइट साइड कूल्हे पर चाकू के तीन वॉर किए गए। उसे 9 टांके आए, उल्टे हाथ की उंगली में भी चोट आई है।
चिराग पटेल के भी कूल्हे पर चाकू लगा है। चिराग ने बताया अर्जुन निवासी नयागांव के साथ प्रेमसिंह, जतिन और वैभव आए थे। वैभव ने चाकू मारा, वहीं अन्य तीनों से पत्थर व लट्ठ मारे। चिराग के अनुसार उक्त चारों नया गांव क्षेत्र में दोपहर से शराब पी रहे थे। शाम को चले गए, वापस आए। विवाद करने लगे।
पुलिस ने राधेश्याम की रिपोर्ट पर केस दर्ज कर मामला जांच में लिया है। राधेश्याम ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसका टेंट हाउस है। उसके घर के सामने टेंट हाउस का सामान पड़ा था वहां कुछ लोग बैठकर शराब पी रहे थे। उसने मना किया तो गालियां देने लगे। फिर चाकू से हमला कर दिया। थाना प्रभारी गौतम मुनेंद्र ने बताया कि दोनों पक्षों की तरफ से केस दर्ज कर मामला जांच में लिया है।
रंगपंचमी पर विवाद, चाकू-पत्थर चले, कुल्हे व सिर पर मारा चाकू, दो पक्षों के तीन घायल, क्रास केस दर्ज
