• Wed. Sep 2nd, 2026

प्रदेश सरकार के खिलाफ सड़क पर उतरेगी कांग्रेस : मंत्री प्रहलाद पटेल का मांगा इस्तीफा, जलाएंगे पुतला, 15 मार्च तक लगातार होगा आंदोलन

BySurendra Jain

Mar 5, 2025

खबर पक्की, 5 मार्च, रतलाम। प्रदेश सरकार के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल द्वारा जनता को भिखारी बताए जाने का कांग्रेस लगातार विरोध कर रही है। 6 मार्च को रतलाम में मंत्री प्रहलाद पटेल का पुतला दहन किया जाएगा। भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस द्वारा 15 मार्च तक जनता की आवाज उठाकर जिला मुख्यालय से ब्लॉक स्तर व प्रदेश स्तरीय आंदोलन किया जाएगा।
यह बात रतलाम में सैलाना के पूर्व विधायक हर्षविजय गहेलोत, पारस सकलेचा ने पत्रकारवार्ता में कही। पिछले दिन प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री ने जनता द्वारा दिए जाने वाले आवेदनों को लेकर जनता को भिख लेना बंद करने की बात कही थी। इसको लेकर कांग्रेस अब सड़क पर उतरकर 15 मार्च तक प्रदेश सरकार के खिलाफ अलग-अलग जिला मुख्यालय से लेकर प्रदेश स्तरीय आंदोलन करने जा रही है।
इसी सिलसिले में प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर रतलाम में भी कांग्रेस नेताओं ने पत्रकारवार्ता रख आगामी आंदोलनों की रूपरेखा बताई। इस दौरान कांग्रेस नेत्री यास्मिन शैरानी, शैलेंद्रसिंह अठाना समेत अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
जनता की आवाज करेंगे बुलंद
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार की ओछी मानसिकता, महिला, किसान, युवा और जनविरोधी नीतियों के विरोध में आवाज बुलंद करने का निर्णय कांग्रेस पार्टी ने लिया है। कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश की जनता को भिखारी कहें जाने पर सवाल उठाते हुये प्रदेश के मुखिया डॉ. मोहन यादव और उनके मंत्रियों पर निशाना साधा।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने 20 वर्षों में प्रदेश को बदहाली असुरक्षा और अपमान के गर्त में धकेल दिया है। अब तो हालत यह हो गई है कि जनता को भगवान बताकर वोटे बटोरने वाली भाजपा सरकार अब महिलाओं, बुजुर्गों, किसानों, युवाओं, विद्यार्थियों और दिव्यांगजनों को अब भिखारी बता रही है।
भाजपा सरकार और मंत्री प्रहलाद पटेल जवाब दें कि वह महिलाओं को सशक्त बनाने के बजाय उनका अपमान क्यों कर रहे हैं। भाजपा सरकार में गरीब, किसान, छात्र, दिव्यांग और बुजुर्गों की समस्याओं का समाधान कब होगा।
कब होगा आंदोलन
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी बीजेपी सरकार के इस अपमान को बर्दाश्त नहीं करेगी। जनता के हक और अधिकारों के लिए कांग्रेस पार्टी निणार्यक लड़ाई लड़ेगी। कांग्रेस पार्टी द्वारा 6 मार्च को ब्लॉक स्तर पर मंत्री प्रहलाद पटेल का पुतला दहन करेगी। 8 मार्च को कांग्रेस के जिला प्रभारी-सहप्रभारी, विधायक, विधानसभा प्रत्याशियों एवं कांग्रेसजनों की मौजूदगी में जिला मुख्यालयों पर धरना एवं राज्यपाल के नाम ज्ञापन देकर मंत्री प्रहलाद पटेल से इस्तीफे की मांग की जाएगी। 10 मार्च को मप्र किसान कांग्रेस द्वारा राजधानी भोपाल में प्रदेश स्तरीय प्रदर्शन किया जाएगा। 11 से 15 मार्च तक कांग्रेस के मोर्चा संगठन, विभागों के अध्यक्षगणों द्वारा मप्र शासन के विभागीय मंत्रियों से विभाग संबंधी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा जाएगा।

You missed

error: Content is protected !!