• Wed. Sep 2nd, 2026

रतलाम-बांसवाड़ा हाईवे पर मक्का से भरा ट्राला पलटा, तीन की मौत, एक घायल; मोड़ पर टर्न लेते समय 20 फीट खाई में गिरा

BySurendra Jain

Feb 22, 2025

खबर पक्की, 22 फरवरी, रतलाम। जिले से 25 किलोमीटर दूर रतलाम-बांसवाड़ा हाईवे पर केदारेश्वर घाट के पास शुक्रवार शाम को पुलिया के मोड़ पर मक्का से भरा ट्राला 20 फीट खाई में जा गिरा। हादसे में तीन लोगों की दबने से मौत हो गई। एक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा गया। हादसे में ट्रक के परखच्चे उड़ गए।
हादसा शुक्रवार शाम करीब 7 बजे हुआ। रतलाम से मक्का भरकर गुजरात जा रहा ट्राला क्रंमाक एमएच 18 बीजी 4066 रतलाम से मक्का भरकर बांसवाड़ा की तरफ जा रहा था। ग्राम आंबाकुड़ी के मोड़ पर ट्रक बेकाबू होकर सड़क से नीचे उतर कर पलटी खाते हुए खाई में जा गिरा। आसपास के ग्रामीणों ने पुलिस की मदद से सभी को बाहर निकाला।
हादसे में चंदू (45) पिता नारजी मईड़ा निवासी इंद्रावल कला (सरवन), ईश्वर (25) पिता पुंजा मईड़ा निवासी कलवानी (सरवन) और ट्राला ड्रायवर केशरीमल पिता भीमा निवासी आंबापुरा जिला बांसवाड़ा (राजस्थान) की मौके पर ही मौत हो गई। सुभाष (25) पिता प्रभु डाबी निवासी आंबापुरा जिला बांसवाड़ा (राजस्थान) गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सरवन के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया।
हादसे के बाद सड़क पर बिखरी मक्का
बताया जा रहा है कि तीनों ड्रायवर थे। रतलाम से व्यापारी का अनाज भरकर अलग-अलग शहरों में जाते थे। मृतक चंदू मईड़ा जिस ट्रक का ड्रायवर था, उसका भाड़ा नहीं मिलने के कारण वह भी इसी ट्राले में बैठकर अपने घर इंद्रावल जा रहा था। ईश्वर भी रतलाम से अपने मालिक से मिलकर इनके साथ ही निकला था। हादसे के बाद मक्का की बोरिया दूर-दूर जा गिरी। करीब 200 मीटर क्षेत्र में मक्का बिखर गई।
मौके पर पहुंचे अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही सरवन थाना प्रभारी अर्जुन सेमलिया, सब इंस्पेक्टर गेंदालाल भूरिया, भीका सिंह बामनिया, सोबान सिंह सिंघाड़, हेड कांस्टेबल शैलेंद्रसिंह सोलंकी, विजय शेखावत, कांस्टेबल हिम्मत सिंह, विमल निनामा और पंकज शर्मा मौके पर पहुंचे। देर रात सैलाना एसडीओपी नीलम बघेल ने भी घटनास्थल पहुंची। घटना से जुड़े पहलुओं की जांच की।

You missed

error: Content is protected !!