• Thu. Sep 3rd, 2026

नशे में मां से मारपीट करने वाला बेटा गिरफ्तार, बुजुर्ग ने एसपी से की थी शिकायत, बोलीं- पेंशन से घर चलाती हूं, बेटा कुछ नहीं करता

BySurendra Jain

Feb 20, 2025

खबर पक्की, 20 फरवरी, रतलाम। एक 70 वर्षीय वृद्ध महिला ने अपने शराबी बेटे के खिलाफ मारपीट की शिकायत एसपी से की। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने आरोपी को बुधवार रात गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
इंदिरा नगर निवासी पुष्पा (70), जिनके पति स्व. आनंद राव का निधन 12 साल पूर्व हो चुका है, ने अपने बेटे मनीष राव के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई। पुष्पा के दो बच्चे हैं एक बेटा मनीष और एक विवाहित बेटी। पति के निधन के बाद से मनीष ने शराब पीने की लत लगा ली।
वृद्धा ने बताया कि वह अपनी उम्र के बावजूद घर का सारा काम करती हैं और बेटे के लिए भी खाना बनाती हैं। मनीष न तो कोई काम करता है और न ही कमाता है। शराब के नशे में घर के बर्तन फेंकता है और अश्लील गालियां देता है। पुष्पा अपनी पेंशन से घर चलाती हैं और बेटे की बाइक की किस्त भी भरती हैं।
दो दिन पहले भी मनीष ने शराब के नशे में मां के साथ मारपीट की, जिससे उनकी कमर में चोट आई। उसने घर बेचने की धमकी भी दी।
थाना औद्योगिक क्षेत्र प्रभारी वीडी जोशी ने बताया कि मां की शिकायत पर बेटे के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए बुधवार शाम को उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने वृद्धा को आश्वस्त किया है कि भविष्य में कोई परेशानी होने पर तत्काल मदद के लिए पुलिस पहुंचेगी और उन्हें संपर्क के लिए मोबाइल नंबर भी दिया है।

You missed

error: Content is protected !!