खबर पक्की, 18 फरवरी, रतलाम। रतलाम के औद्योगिक थाना क्षेत्र अंतर्गत 48 लाख रुपए कीमत की फॉर्च्यूनर कार चोरी के मामले में पुलिस ने एसपी अमित कुमार के निर्देशन में आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने आरोपी को लगभग 450 किलोमीटर दूर
जंगल से गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से चोरी की हुई कार भी बरामद की है।
जानकारी के अनुसार 16 फरवरी को अज्ञात बदमाश औद्योगिक थाना अंतर्गत रिची क्रेन सर्विस के ऑफिस से 48 लाख रुपए कीमत की फॉर्च्यूनर कार चोरी कर ले गया था। फरियादी गुरप्रीत सिंह पिता सुरेंद्र सिंह धीमन 35 साल निवासी अलकापुरी की शिकायत पर पुलिस ने इस मामले में चोरी का प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया था।
एसपी ने इस मामले में एएसपी राकेश खाखा एवं सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया के मार्गदर्शन और औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी वी.डी. जोशी के नेतृत्व में टीम का गठन किया।
जंगलों से पकड़ गया आरोपी
टीम द्वारा चोरी गई कार और अज्ञात बदमाशों की तलाश के लिए नाकेबंदी कर चेकिंग की गई। संभावित सभी रूट पर सीसीटीवी फुटेज चेक किए गए। फुटेज के आधार पर संदेही आशुतोष पिता राजीव पाठक 24 वर्ष निवासी बोरीवली मुंबई को जिला सागर के कुंदुर के जंगल से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने कार की चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से रतलाम से चोरी गई 48 लाख कीमत की फॉर्च्यूनर कार बरामद की गई। आरोपी ने कार की नंबर प्लेट बदल दी थी।
मुंबई में लूट का अपराध दर्ज, रतलाम में करता था नौकरी, मोटरसाइकिल भी चुराई
एसपी अमित कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुंबई महाराष्ट्र में पूर्व में लूट का मामला भी दर्ज है। बाद में आरोपी रतलाम आकर रिची क्रेन सर्विस पर ही काम करने लग गया था। यहां से नौकरी छोड़कर वह पुन: मुंबई चला गया था।
चोरी के लिए वह ट्रेन से रतलाम आया और यहां रेल नगर से एक मोटरसाइकिल चोरी की। मोटरसाइकिल से उसने चोरी के लिए रैकी की। घटना के दिन वह रिची क्रेन सर्विस की ऑफिस की दीवार फांदकर अंदर गया और फॉर्च्यूनर की चाबी चोरी की। बाद में वह कार लेकर सागर की ओर चला गया। आरोपी से अन्य मामले में भी पूछताछ की जा रही है।
मुंबई में लूट के आरोपी ने रतलाम से चुराई 48 लाख की फॉर्च्यूनर और एक मोटर साइकिल… पुलिस 450 किलोमीटर दूर कुंन्दूर के जंगल से किया आरोपी को गिरफ्तार, कार बरामद
