• Thu. Sep 3rd, 2026

ट्रक में घुसी कार, लेडी कॉन्स्टेबल और पति की मौत:बदनावर से शादी से लौट रहे थे, रतलाम-इंदौर फोरलेन पर हादसा; बच्चे भी साथ थे

BySurendra Jain

Feb 8, 2025

खबर पक्की, 8 फरवरी, रतलाम। रतलाम-इंदौर फोरलेन पर शनिवार सुबह एक सड़क हादसे में महिला कॉन्स्टेबल और उसके पति की मौत हो गई। महिला कॉन्स्टेबल अपने पति और दो बच्चों के साथ कार से बदनावर से रतलाम जा रही थीं। इसी दौरान फोरलेन पर खड़े ट्रक में कार पीछे से जा घुसी, जिससे पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। बच्चों को मामूली चोट आई है। कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
बिलपांक थाना पुलिस को सूचना मिलने थाना प्रभारी अयूब खान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कार से दोनों के शव निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज ले गए।
फोरलेन रोड पर चल रहा था काम
महिला कॉन्स्टेबल झन्ना गामड़ शहर के माणकचौक थाने में पदस्थ थीं। कार कॉन्स्टेबल के पति अरविंद ड्राइव कर रहे थे। जबकि वो आगे बैठी थीं। दोनों बच्चे पीछे की सीट पर थे। वे शनिवार सुबह करीब साढ़े 4 बजे सिमलावदा से आगे बदनावर की तरफ जा रहे थे। यहां फोरलेन पर काम चल रहा है। रात में ट्रक से निर्माण सामग्री उतारी जा रही थी। इसी दौरान कार पीछे से आकर ट्रक में जा घुसी।
बदनावर से शादी से लौट रहे थे
झन्ना गामड़ के पति प्राइवेट जॉब करते थे। मूलत: धार जिले के बदनावर के रहने वाले थे। परिवार में शादी होने के कारण वह बदनावर गए थे। महिला कॉन्स्टेबल शुक्रवार शाम तक माणकचौक थाने ड्यूटी पर थी। ड्यूटी के बाद वह अपने परिवार के साथ बदनावर गई थी। शादी से लौटते समय हादसे का शिकार हो गए।

You missed

error: Content is protected !!