• Wed. Sep 9th, 2026

रतलाम-झाबुआ हाईवे पर बस पर पथराव : वडोदरा से मरीजों को लेकर आ रही थी; 13 दिनों में दूसरी ऐसी वारदात

BySurendra Jain

Jan 20, 2025

खबर पक्की, 20 जनवरी, रतलाम। दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे के बाद अब रतलाम-झाबुआ मार्ग पर बस पर पथराव की घटना सामने आई है। बस वडोदरा से रतलाम आ रही थी। मुंदड़ी और करमदी मार्ग के बीच कुआंझागर में किसी ने बस पर पथराव कर दिया। अचानक से आए पत्थर के कारण ड्रायवर ने बस नहीं रोकी। तेजी से भगाकर रतलाम ले आया। घटना रविवार रात की है।
वडोदरा के पारूल हॉस्पिटल की बस क्रमांक जीजे 06 एटी 7213, 16 मरीजों को लेकर रतलाम आ रही थी। ड्राइवर वल्ली सोनी निवासी छोटा उदयपुर ने बताया कि बस कुआंझागर के यहां रात 8 बजे पहुंची। बस पर तेजी से पत्थर लगा। एक पत्थर मेरे पीछे वाली सीट की खिड़की पर लगा। यहां बैठे दो यात्री बाल-बाल बचे। बस में रतलाम की राजस्व कॉलोनी निवासी मांगीलाल सोलंकी और उनकी पत्नी भी सवार थी। पत्थर लगने से खिड़की का कांच तो फूटा, लेकिन किसी को चोट नहीं आई।
अचानक से हुए पथराव से बस में बैठे यात्री सहम गए। ड्रायवर बस को तेजी से भगाकर रतलाम ले आया। रात में सूचना पर बिलपांक थाना से पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंच गए, लेकिन कोई नहीं मिला। हालांकि ड्रायवर ने पुलिस को किसी प्रकार से शिकायत नहीं की है। सोमवार सुबह वह बस लेकर वापस वडोदरा रवना हो गया।
बिलपांक थाना प्रभारी अयुब खान ने बताया कि रात में पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। क्षेत्र में आसपास जानकारी जुटाई जा रही है।
स्पीड ब्रेकर क्रॉस करते ही आया पत्थर
कुआझागर के पास सड़क पर बने स्पीड ब्रेकर क्रॉस करने के दौरान बस की गति धीमी थी। उसी समय अचानक से आकर पत्थर बस पर लगा। बस में रतलाम की राजस्व कॉलोनी निवासी मांगीलाल सोनी और उनकी पत्नी भी सवार थी। उन्होंने अपने परिचितों को इस बारे में जानकारी दी।
रात-दिन आता हूं-ड्रायवर
ड्रायवर वल्ली सोनी ने बताया कि रात दिन इस मार्ग से आता-जाता हूं। चाय-पानी के कारण देरी होने के कारण लेट हो गए थे। पहले कभी ऐसी घटना नहीं हुई। पुलिस में शिकायत नहीं की है।
13 दिन पहले 8 लेन पर हुई पत्थरबाजी
13 दिन पूर्व रतलाम से गुजर रहे दिल्ली-मुंबई 8-लेन एक्सप्रेस वे पर जिले के रावटी थाना क्षेत्र में रात में 6 गाडिय़ों पर पथराव हुआ। इस दौरान वाहन चालकों ने अपनी गाडिय़ां नहीं रोकी। गाडिय़ां झाबुआ जिले के एग्जिट पाइंट स्थित टोल पर जाकर रोकी थी। सूचना पर जब एक्सप्रेस वे का पेट्रोलिंग वाहन भी सर्चिंग करने निकला तो उस पर भी पथराव हुआ। लेकिन अब इस घटना में पुलिस के हाथ खाली है। पथराव वालों को पुलिस पकड़ नहीं पाई। केवल अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।

You missed

error: Content is protected !!