• Wed. Oct 28th, 2026

चार्जिंग के दौरान रात में ई-स्कूटर में लगी आग, 11 साल की बालिका की मौत

BySurendra Jain

Jan 5, 2025

खबर पक्की, 5 जनवरी, रतलाम। लक्ष्मणपुर पीएनटी कॉलोनी स्थित शनिवार-रविवार दरमियानी रात एक मकान में चार्जिंग के लिए रखी गई ई स्कूटर में आग लग गई। आग से पास में खड़ी एक्टिवा भी चपेट में आ गई और हादसे में एक 11 साल बालिका की मौत हो गई जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार पीएनटी कॉलोनी निवासी दीपक किराना के पास रहने वाले भगवती मौर्य व परिजन शनिवार रात को टुनवाल कंपनी का ई स्कूटर चार्जिंग पर लगा कर सो गए थे। रात में चार्जिंग पूरी होने के बाद इसमें से चिंगारियां निकलने लगी, इससे पास में खड़ी एक्टिवा भी चपेट में आ गई।
आग लगने के दौरान घर में सभी सदस्य सो रहे थे। धुंआ होने पर उनकी नींद खुली तो उन्होंने मदद के लिए शोर मचाया। आसपास के लोगों ने आग बुझाने शुरू कर फायर ब्रिगेड को सूचना दी और घर के सदस्यों को जैसे तैसे बाहर निकाला, लेकिन 11 साल बच्ची अंतरा चौधरी अंदर ही रह गई।
थोड़ी देर बाद बच्ची को भी निकाल कर बाहर लाया गया लेकिन तब तक वह झुलस गई थी। मेडिकल कॉलेज ले जाने के दौरान बालिका की मौत हो गई। अंतरा अपनी मां सोनाली के साथ नाना भगवती मौर्य के घर आई थी। उन्हें रविवार सुबह ही वापस बड़ोदरा गुजरात जाना था। हादसे में घायल भगवती मौर्य और 12 वर्षीय लावण्या को मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।

You missed

error: Content is protected !!