खबर पक्की, 9 दिसंबर, रतलाम। जिले के बाजना में सोमवार सुबह बाइक और ऑटो रिक्शा की टक्कर हो गई। ऑटो में स्कूली बच्चे बैठे थे। टक्कर से ऑटो रिक्शा तीन पलटी खा गया। घटना में ऑटो में सवार एक 10 साल के बच्चे की मौत हो गई, वहीं 7 अन्य बच्चे घायल हो गए।
घटना सुबह 8 बजे बाजना बांसवाड़ा रोड के बीच की है। ऑटो चालक गोवर्धन भोई प्रतिदिन की तरह केलकच्छ और आसपास के गांव से प्राइवेट स्कूलों को बच्चों को लेकर बाजना आ रहा था। इस दौरान केलकच्छ से 8 किमी दूर बाजना की तरफ देवड़ाहामा गांव के मोड़ पर बाइक सवार आया और ऑटो से सीधा टकरा गया।
टक्कर के बाद ऑटो पलटी खा गया और घटना के बाद बच्चों में चीख पुकार मच गई। मौके पर आसपास के ग्रामीण पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद एंबुलेंस से घायल बच्चों को तुरंत बाजना अस्पताल लाया गया।
यहां से गंभीर घायलों को रतलाम रेफर किया गया। घटना में लुक्की पाड़ा निवासी अर्पित (10) पिता प्रकाश की मौत हो गई। चार घायल बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अर्पित के काका मनीष डामर ने बताया कि ऑटो चालक प्रतिदिन गांव से बच्चों को लेकर बाजना के स्कूल आता है। दुर्घटना की सूचना मिलने पर तुरंत मौके पर पहुंचे थे। बाइक सवार नशे में था। उसने सामने से आकर ऑटो को टक्कर मारी है, ऑटो में 8 से 10 बच्चे सवार थे।
मनीष ने बताया कि उसका भतीजा अर्पित बाजना के होली फैमिली स्कूल में कक्षा 5वीं का छात्र था। उसके पिता प्रकाश की गांव में किराना की दुकान है। उसका एक बड़ा भाई सुमित (12) है। घटना के बाद से परिजन सदमें में है।
मामले में बाजना थाना प्रभारी प्रेमलता खत्री ने बताया कि बाइक पर तीन लोग सवार थे। बाइक चालक ने सामने से आकर ऑटो को टक्कर मारी। ऑटो में 10 से 12 बच्चे सवार थे। एक की मौत हुई है, 7 बच्चे घायल हुए है। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को रतलाम रेफर किया है।
हादसे में लीला (17) पिता शांतिलाल निवासी बाजना, मोहित (8) पिता राकेश, तनवी (8) पिता हरीश, रिया (8) पिता सुंदरलाल, मीनाक्षी (11) पिता विनोद, वीर (12) पिता कालू सभी निवासी केलकच्छ घायल हुए है। सभी को मेडिकल कॉलेज रतलाम में भर्ती किया है।
जिला पंचायत सदस्य शरद डोडियार ने बताया घटना उनके वार्ड क्षेत्र की है। हादसे से पहले सड़क से एक बारात जा रही थी। डीजे बज रहा था, बारात में बाइक पर नशे में सवार होकर युवक नाच रहे थे। इस दौरान ऑटो आगे निकला तो बाइक सवार एकदम सामने आ गए। उनसे बचने के चक्कर में ऑटो बाइक से टकराकर कर सड़क पर ही पलटी खा गया।
बाइक और ऑटो की टक्कर में एक छात्र की मौत : रतलाम के बाजना में स्कूली बच्चे लेकर जा रहा था ऑटो; 7 छात्र घायल
