• Wed. Oct 28th, 2026

ढाई माह में 229 स्थाई वारंटी गिरफ्तार, 2587 गिरफ्तारी वारंट कराए तामिल, डेढ़ माह में अवैध शराब के 451 प्रकरण दर्ज, 6482 लीटर शराब जब्त

BySurendra Jain

Nov 24, 2024

खबर पक्की, 24 नवंबर, रतलाम। जिले की कमान संभालने के बाद से एसपी अमित कुमार के निर्देशन में रतलाम पुलिस द्वारा आपराधिक तत्व और अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। आदतन अपराधियों और विभिन्न प्रकरणों में फरार चल रहे वारंटियों की गिरफ्तारी हेतु भी विशेष अभियान चलाया गया।
इसी तारतम्य में पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में एएसपी राकेश खाखा के मार्गदर्शन में रतलाम पुलिस द्वारा विगत कई वर्षों से फरार चल रहे स्थाई वारंटीयो की धरपकड़ हेतु विशेष अभियान 12 सितंबर से प्रारंभ किया गया था।
अभियान के अंतर्गत 01 नवंबर तक रतलाम पुलिस द्वारा विभिन्न प्रकरणों में फरार चल रहे 150 स्थाई वारंटीयो को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया था। साथ ही 1964 गिरफ्तारी वारंट तामिल कराए गए थे।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में लगातार कार्यवाही करते हुए रतलाम पुलिस द्वारा नवंबर माह में भी 79 स्थाई वारंट एवं 623 गिरफ्तारी वारंट तामील कराए। अभियान के तहत अभी तक कुल 229 स्थाई वारंट, एवं 2587 गिरफ्तारी वारंट तामील कराए गए। रतलाम पुलिस का स्थाई वारंटियों की धरपकड़ अभियान लगातार जारी है।
अवैध शराब के विरुद्ध अभियान-451 प्रकरण दर्ज, 6,482 लीटर अवैध शराब जप्त
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार द्वारा अवैध शराब के विरुद्ध अभियान के तहत 01 अक्टूबर से अभी तक 451 प्रकरण दर्ज कर 453 आरोपियों के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए 6482 लीटर अवैध शराब जप्त की गई। अवैध शराब के विरुद्ध रतलाम पुलिस का अभियान लगातार जारी है।

You missed

error: Content is protected !!