• Wed. Oct 28th, 2026

परवलिया में लापता हुए उज्जैन के युवक की लाश मिली, 48 घंटे की लगातार सर्चिंग के बाद मिली पुलिस को सफलता, बाछंडा डेरों के अतिक्रमण पर भी लगातार दूसरे दिन भी चली जेसीबी

BySurendra Jain

Nov 6, 2024

खबर पक्की, 6 नवंबर, रतलाम। जिले के रिंगनोद थाना क्षेत्र के परवलिया में 1 नवंबर की रात को लापता हुए उज्जैन के युवक का शव आज दोपहर में एक कुएं से बरामद किया गया। युवक की तलाश के लिए एसपी अमित कुमार ने स्वयं मोर्चा संभाल रखा था। पहली बार किसी तलाशी अभियान में पुलिस फोर्स और डॉग स्क्वाड के साथ वाटर ड्रोन एवं अन्य तकनीकी संसाधनों का उपयोग किया गया। 48 घंटे की लगातार सर्चिंग के बाद पुलिस को सफलता मिली और युवक का शव बरामद किया गया। इधर बाछंडा डेरो में चल रही अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ भी एसपी अमित कुमार ने सख्त कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलवाया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार लापता युवक लोकेश का शव ग्राम पंचायत परवलिया के पीछे स्थित कुएं से बुधवार दोपहर को बरामद किया गया। एसपी अमित कुमार स्वयं बुधवार को मौके पर मौजूद होकर तलाशी अभियान का नेतृत्व कर रहे थे। शव की शिनाख्त के लिए युवक के परिजनों को उज्जैन से बुलाया गया है।
यह था मामला
मृतक का नाम लोकेश है,जो उज्जैन का रहने वाला है। उसके भाई रोहित ने 3 नवंबर को ढोढर पहुंचकर गुमशुदगी दर्ज कराई थी। लोकेश अपने 8 अन्य दोस्तों के साथ 1 नवंबर को उज्जैन से रात करीब 8 परवलिया बांछड़ा डेरे पर आया था। यहां लोकेश का किराना दुकान संचालक यश से सिगरेट खरीदने के दौरान महंगी सिगरेट देने की बात को लेकर विवाद और झूम झटकी हुई थी। इस दौरान लोकेश के दोस्त सोमिक ने दुकान संचालक को चाकू दिखाकर डराया था। इसके बाद वहां से निकलकर अपने अन्य साथियों के साथ परवलिया में एक ढाबे पर खाना खाने चले गए थे।
लापता युवक के दोस्तों के अनुसार कुछ देर बाद रात 9 बजे दुकान संचालक यश अपने अन्य साथियों को साथ ढाबे पर आया और मारपीट करने लगा। इससे बचने के लिए सभी दोस्तों ने फोरलेन पर परवलिया से ढोढर की ओर दौड़ लगा दी। इसी दौरान लोकेश लापता हो गया। लोकेश के दोस्तों ने उज्जैन पहुंचकर उसके भाई को सारे घटनाक्रम से अवगत कराया। इसके बाद उसका भाई ढोढर चौकी पहुंचा और मामले की जानकारी दी।
एसपी के निर्देशन में चला बड़ा सर्चिंग अभियान
युवक के लापता होने के मामले की जानकारी एसपी अमित कुमार को 4 नवंबर को मिली। इसके बाद उन्होंने लापरवाही बरतने पर तत्काल एक्शन लेते हुए ढोढर चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया और स्वयं के निर्देशन में सर्चिंग अभियान शुरू करवाया।
4 नवंबर की रात को एसपी ढोढर पहुंचे और बड़े स्तर पर सर्चिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। पिछले 48 घंटे से पुलिस फोर्स, डॉग स्क्वायड, ड्रोन के साथ ही क्षेत्र में स्थित कुओं और अन्य जलाशयों में वॉटर ड्रोन की मदद से तलाशी अभियान चलाया जा रहा था। एसपी स्वयं सर्चिंग अभियान की मॉनीटरिंग कर रहे थे। बुधवार दोपहर को भी एसपी अमित कुमार मौके पर पहुंचकर सर्चिंग अभियान को निर्देशित कर रहे थे। दोपहर में पुलिस को सफलता मिली और ग्राम पंचायत परवलिया के पीछे स्थित हुए से युवक के शव को बरामद किया गया।
मारपीट के सभी आरोपी हिरासत में
युवक और उसके दोस्तों के साथ मारपीट करने वाले सभी आरोपियों को पुलिस 2 दिन पूर्व ही हिरासत में ले चुकी है।
एसपी के निर्देश पर बाछंडा डेरो पर बड़ी कार्रवाई
युवक के लापता होने के बाद एसपी अमित कुमार के निर्देश पर पुलिस ने बांछडा डेरो पर चल रही अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई शुरू की है। डेरों में सर्चिंग के साथ ही अतिक्रमण के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। मंगलवार को 9 से अधिक मकान के अतिक्रमण को तोड़ा गया। बुधवार को भी जिन मकानों में अनैतिक गतिविधियां संचालित हो रही है उनके अतिक्रमण को जेसीबी से हटाया गया। इस दौरान एएसपी राकेश खाखा और पुलिस बल के साथ ही जावरा का प्रशासनिक अमला भी मौके पर मौजूद रहा।

You missed

error: Content is protected !!