खबर पक्की, 4 नवंबर, रतलाम। डॉ. लक्ष्मीनारायण पांडेय मेडिकल कॉलेज के स्टूडेंट्स और ढाबा संचालक के बीच दो महीने पहले हुए विवाद में मेडिकल स्टूडेंट्स की शिकायत की जांच के बाद ढाबा संचालक समेत चार के खिलाफ पुलिस ने रविवार रात केस दर्ज किया। पुलिस ने इसके पहले ढाबा संचालक की रिपोर्ट पर मेडिकल कॉलेज के 10 स्टूडेंट के खिलाफ केस दर्ज किया था।
औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने विवाद में घायल मेडिकल स्टूडेंट संयम डांगी पिता मनीष डांगी की निवासी बाजार चौक सांवेर (इंदौर) की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज की है। शिकायतकर्ता संयम डांगी ने पुलिस को बताया कि 31 अक्टूबर 2024 की रात करीब 10 बजे वह साथी सुमित जाटव, विजय परमार, महावीर सोलंकी, लोकेंद्र चौहान, आशीष सोलंकी, प्रतीक कौशल, यश परमार, कार्तिकेय सांवरिया, मनीष पंवार के साथ सेजावता बायपास स्थित द रायल ढाबा पर खाना खाने गए थे।
ढाबा संचालक रितिक राठौर को खाने का ऑर्डर दिया। प्रत्येक थाली के 150 रुपए तय किए। ढाबा संचालक ने सभी को थाली लगा दी। इस दौरान ढाबे पर दूसरे ग्राहक शराब के नशे में आपस में झगड़ते हुए संयम और उसके साथी के टेबल पर गिर गए, जिससे सभी का खाना जमीन पर गिर गया। संयम ने ढाबा संचालक रितिक राठौर से कहा कि हमारे लिए दूसरी थाली लगाओ और कोई अलग से पैसा तो नहीं लगेगा।
संचालक रितिक बोला कि तुम्हारी गलती नहीं है, इसलिए आपसे अलग से रुपए नहीं लेंगे। दोबारा खाना लगने के बाद सभी 10 दोस्तों ने खाना खाया। काउंटर पर 1500 रुपए नकद भुगतान किया। इस दौरान ढाबा संचालक रितिक और राजेश राठौर ने कहा कि प्रति थाली 300 रुपए देना पड़ेंगे।
हमने कहा कि पहले ही यह तय कर लिया था कि हमारी गलती से खाना जमीन पर नहीं गिरा है, तो हम किस बात के प्रति थाली 300 रुपए दें। रितिक उसका मामा राजेश राठौर अभद्रता कर गाली-गलौच करने लगा। इस दौरान वह मारपीट करने लगे। मौके से संयम डांगी और उसके दोस्त भागकर कॉलेज पहुंच गए। इस दौरान उनके साथी कार्तिकेय की बाइक ढाबे पर रहने से वह दोस्तों के साथ रात 2 बजे जब ढाबे पर गया। ढाबे का नौकर लेखराज उन्हें देखकर भडक़ गया। गाली-गलौच करते हुए लकड़ी लेकर मारने दौड़ा।
सभी वापस भागकर मेडिकल कॉलेज होस्टल पहुंचे। रात करीब 3 बजकर 5 मिनट पर कार क्रमांक आरजे-35 सीए-1708 में सवार होकर आरोपी ढाबा संचालक रितिक राठौर, राजेश राठौर, गौरव सोनी और नौकर लेखराज पहुंचे। कार से उतरने के दौरान आरोपियों के हाथ में लोहे की रॉड और पाइप थे। चारों आरोपी गाली-गलौच कर धमकाने लगे और संयम के हॉस्टल से बाहर आने पर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
इस दौरान हॉस्टल के अन्य स्टूडेंट्स ने बीचबचाव कर संयम डांगी को बचाया। आरोपियों ने इसके पूर्व संयम से लोहे के पाइप और राड से हमला कर उसे घायल कर दिया था। मामले में कॉलेज प्रशासन ने उक्त घटना का सीसीटीवी फुटेज पुलिस को उपलब्ध कराया है।
मेडिकल कॉलेज डीन द्वारा भी पूरे घटनाक्रम की अलग से जांच कराई है। उसी प्रतिवेदन के आधार पर पुलिस ने आरोपी ढाबा संचालक रितिक राठौर, राजेश राठौर, गौरव सोनी और नौकर लेखराज के खिलाफ बीएनएस 2023 की धारा 115(2), 296, 351(3) एवं 3(5) में केस दर्ज किया।
मेडिकल स्टूडेंट के खिलाफ हो चुकी है एफआईआर
घटना 31 अगस्त 2024 की रात को हुई था। घटना के बाद तत्कालीन एसपी राहुल कुमार लोढ़ा के निर्देश पर तत्कालीन थाना प्रभारी राजेंद्र वर्मा ने ढाबा संचालक रितिक राठौर की शिकायत पर 10 मेडिकल स्टूडेंट के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज किया था। पुलिस ने सभी स्टूडेंट को अरेस्ट कर कोर्ट में पेश किया था, जहां से उन्हें जमानत मिल गई थी। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ढाबे के अंदर विवाद के बाद बाहर मेडिकल कॉलेज के स्टूडेंट के हाथों में लट्ठ लेकर दिखे थे।
ढाबा संचालक समेत 4 पर केस दर्ज : दो महीने पहले खाना खाने के दौरान हुआ था विवाद, मेडिकल कॉलेज स्टूडेंट्स पर हो चुकी है एफआईआर
