खबर पक्की, 22 अक्टूबर, रतलाम। डीडी नगर पुलिस थाना अंतर्गत बडिय़ा गांव में मंगलवार को 7 साल की मासूम की पानी में डूबने से मौत हो गई। वह अपने पिता के साथ खेत पर सिंचाई के लिए घर से निकली थी। सुबह करीब 9 बजे खेत पर मोटर चालू करने के बाद पिता सिंचाई के लिए खेत में चला गया। इधर, बच्ची खेलते-खेलते तालाब के पास जा पहुंची और पैर फिसलने के कारण डूब गई।
वह काफी देर तक नजर नहीं आई तो पिता ने तलाशना शुरू कर दिया। खोजते-खोजते पिता को बच्ची का शव तालाब में नजर आया। बाल अस्पताल में बच्ची को मृत घोषित कर शव पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाया है।
पिता मुकेश डांगी ने पुलिस को बताया कि सुबह खेत पर सिंचाई करने के लिए घर से निकल रहा था। इस दौरान बड़ी बेटी हर्षिता (7) साथ जाने की जिद करने लगी। इसलिए मैं उसे अपने साथ खेत ले गया था। पिता ने बताया कि खेत पर जाने से पहले हर्षिता ने अपनी दो साल की बहन सरस्वती को काफी लाड़-दुलार किया।
खेत पर मैं हर्षिता को पेड़ के नीचे बैठाकर सिंचाई के लिए मोटर चालू करने गया, पानी खेत में छोडऩे के लिए मिट्टी की पाल खोदकर जब वापस लौटा तो वह नजर नहीं आई। सूचना पर आस-पास के अन्य किसान भी आए। सभी ने हर्षिता को खोजना शुरू किया। इसी दौरान वह खेत के पास बने तालाब में डूबी नजर आई।
खेत पर गई मासूम तालाब में डूबी, पिता बोले- पेड़ के नीचे बैठाकर सिंचाई करने गया था, लौटा तो नहीं मिली
