खबर पक्की, 18 अक्टूबर, रतलाम। एसपी अमित कुमार द्वारा नशे के सौदागरों पर पूरी तरह शिकंजा करने की तैयारी कर ली गई है। रतलाम पुलिस ने न सिर्फ जिले बल्कि आसपास के जिलों के तस्करों की भी पुरी कुंडली तैयार कर ली है और इन पर लगातार नजर रखी जा रही है। गश्त व्यवस्था को मजबूत करने के लिए भी एसपी द्वारा डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम लागू किया जा रहा है।
रतलाम में 3 करोड़ की एमडी ड्रग्स के साथ मुंबई के चार व्यक्तियों की गिरफ्तार होने के बाद पुलिस जहां पूरी चैनल को क्रैक करने की कोशिश कर रही है वहीं एसपी अमित कुमार के निर्देशन में पुलिस नशे की कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का मन भी बना चुकी है। इसके लिए पुलिस ने रतलाम सहित आसपास के जिलों के 500 से अधिक ऐसे अपराधियों की सूची तैयार की है, जो पूर्व में मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल रहे हैं और उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट का प्रकरण दर्ज है। पुलिस उनकी गतिविधियों पर नजर रखेंगी।
एसपी अमित कुमार ने बताया कि रतलाम में मादक पदार्थों की तस्करी के तार मुख्य रूप से राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के अलावा मंदसौर, नीमच से जुड़े हुए हैं। रतलाम के रास्ते इंदौर, उज्जैन, शाजापुर, झाबुआ के अलावा गुजरात, हरियाणा, पंजाब, महाराष्ट्र आदि राज्यों में मादक पदार्थ भेजा जाता है। पुलिस इन सभी क्षेत्र के नशे के सौदागरों की पूरी कुंडली तैयार करने में जुटी है। एसपी अमित कुमार के निर्देशन में पुलिस ने निदान पोर्टल के माध्यम से पूर्व में गिरफ्तार हो चुके आरोपितों का आपराधिक रिकार्ड और अन्य जानकारी जुटाई गई है। जो आरोपी जमानत पर छूटे हैं या दोषमुक्त हुए हैं, उनकी गतिविधियों, मिलने जुलने वाले संदिग्ध लोगों पर भी नजर रखी जा रही है। जिससे पता किया जा सके कि तस्करी में पुन: शामिल तो नहीं हुए।
बंद फैक्ट्री की भी होगी जांच
भोपाल और झाबुआ के मेघनगर में बंद फैक्ट्री में सिंथेटिक ड्रग्स तैयार किए जाने का मामला सामने आने के बाद रतलाम पुलिस और प्रशासन भी एक्टिव हो गया है। इसके बाद स्थानीय स्तर पर भी पुलिस ने बंद फैक्ट्री की जानकारी एकत्रित की है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों द्वारा इन फैक्ट्रीयों की जांच की जाएगी।
बीट प्रभारियों की गश्त की डिजिटल मॉनिटरिंग
थाना क्षेत्र में गश्त व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए एसपी अमित कुमार द्वारा बीट प्रभारियों की गश्त की डिजिटल मॉनिटरिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। बीट प्रभारियों को अब जहां मौके से फोटो लोड करने होंगे, वहीं डिजिटल सिस्टम से उनकी गश्त पर भी निगरानी रखी जाएगी।
चौराहों पर फालतू खड़े रहने पर भी पुलिस करेगी कार्रवाई
एसपी अमित कुमार ने बताया कि सभी थाना क्षेत्र में चौराहा या कुछ चिन्हित स्थानों पर फालतू खड़े रहकर न्यूसेंस क्रिएट करने वाले लोगों पर भी पुलिस कार्रवाई करेगी।
एसपी ने तैयार कराई नशे के सौदागरों की कुंडली, पुलिस रख रही नजरज् बीट प्रभारियों की गश्त की भी होगी डिजिटल मॉनिटरिंग
