• Wed. Oct 28th, 2026

कन्या शिक्षा परिसर में पालक – शिक्षक संघ बैठक आयोजित, डिप्टी कलेक्टर राधा महंत ने दिया मार्गदर्शन

BySurendra Jain

Oct 10, 2024

खबर पक्की, 10 अक्टूबर, रतलाम। कन्या शिक्षा परिसर रतलाम में पालक शिक्षक संघ बैठक आयोजित की गई। बैठक में कक्षा 9 से 12 तक की समस्त छात्राओं के 148 पालक सम्मिलित हुए। बैठक में डिप्टी कलेक्टर राधा महंत ने पालकों से चर्चा करते हुए कहा कि संस्था में छात्राओं को उनकी रूचि के अनुसार अध्यापन करवाया जा रहा है।
कलेक्टर राजेश बाथम के निर्देशानुसार जनजातीय कार्य विभाग अंतर्गत जिले के सैलाना एवं बाजना विकासखण्ड क्षेत्र में पदस्थ विषय शिक्षकों के पैनल द्वारा छात्राओं को भौतिक शास्त्र, जीव विज्ञान, राजनीति विज्ञान और अर्थशास्त्र का अध्यापन पिछले दस दिनों तक लगातार करवाया गया। छात्राओं को जिन शिक्षकों द्वारा बेहतर समझ आया उन्हें सप्ताह में तीन दिन नियमित अध्यापन करवाने के आदेश जारी किए गए हैं। इसके साथ-साथ छात्राओं को अध्ययन पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह भी दी गई। पालकों ने विद्यार्थियों के हित में किए गए प्रयासों को सराहा गया।
सुश्री महंत ने छात्राओं से कहा कि शिक्षकों द्वारा बेहतर अनुभव के साथ अध्यापन करवाया जाता है लेकिन यदि आप उसे पुन: दोहराएंगी नहीं तो कोई भी विषय समझ नहीं आएगा। स्वयं अधिक से अधिक पढऩे की आदत से ही विषय समझा जा सकता है। उन्होंने कहा कि आप अपना पूरा ध्यान पढ़ाई पर लगाएं। कोई परेशानी हो तो मुझे बताएं। बैठक में पालकों ने भी विचार रखे। इस अवसर पर संस्था प्राचार्य श्री गणतंत्र मेहता भी उपस्थित थे।

You missed

error: Content is protected !!