खबर पक्की, 5 अक्टूबर, रतलाम। नवरात्रि पर्व के दौरान गरबा खेलने जाने वाली महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए एसपी अमित कुमार ने नई पहल की है। नवरात्रि के दौरान आज से महिला पुलिस स्कूटी पेट्रोलिंग करेगी। शनिवार शाम 6 बजे एसपी अमित कुमार ने दो बत्ती स्थित पुराने कंट्रोल रूम से हरी झंडी दिखाकर महिला पुलिस की पेट्रोलिंग टीम को रवाना किया। इस दौरान एएसपी राकेश खाखा भी मौजूद रहे।
एसपी अमित कुमार ने बताया कि नवरात्रि के दौरान शाम को महिलाएं एवं बालिकाएं गरबा खेलने जाती है। इस दौरान उनकी सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत महिला पुलिस की गश्ती टीम बनाई गई है। दुपहिया वाहन पर महिला पुलिस लगातार पेट्रोलिंग करेगी। एसपी ने बताया कि नवरात्रि के दौरान रात 1 तक गरबा स्थलों के आसपास और शहर के अलग-अलग क्षेत्र में स्कूटी पेट्रोलिंग जारी रहेगी।
एसपी अमित कुमार ने बताया कि नवरात्रि के बाद भी महिला पुलिस द्वारा स्कूटी पेट्रोलिंग जारी रखी जाएगी। नवरात्रि के बाद शाम 6 से 8 और रात 9 से 11 बजे तक स्कूटी पेट्रोलिंग जारी रहेगी। स्कूटी पेट्रोलिंग के द्वारा छेड़छाड़ एवं अभद्र व्यवहार के मामलों पर रोकथाम के साथ ही सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नवरात्रि में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए रात 1 बजे तक महिला पुलिस करेगी स्कूटी पेट्रोलिंग, एसपी अमित कुमार ने पेट्रोलिंग टीम को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
