खबर पक्की, 12 सितंबर, रतलाम। संगठन पर्व में चल रहे भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता अभियान की पूर्व प्रदेश महामंत्री और केन्द्रीय व्यवस्था से दस जिलों के प्रभारी विनोद गोटिया ने रतलाम आकर समीक्षा की। विधायक जनसंपर्क कार्यालय पर उन्होंने रतलाम शहर विधानसभा के पार्टी पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए कहा कि सदस्यता अभियान बड़ा बनने का मौका है। इसमें अधिक से अधिक लोगों को भाजपा से जोड़ कर राजनैतिक दृष्टि से खुद को मजबूत बनाएं। सदस्यता अभियान के लिए जिले में लगातार कोई नवाचार करते रहें।
सदस्यता अभियान समीक्षा बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने की। श्री गोटिया ने पार्टी के जि़ला, मंडल, मोर्चा, प्रकोष्ठ पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से सिलसिलेवार सदस्यता अभियान के लिए अब तक किये गये कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने सदस्यता अभियान में अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचने और भाजपा के सर्वस्पर्शी एवं सर्वव्यापी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आव्हान किया।
श्री गोटिया ने कहा कि प्रदेश में बुधवार तक 24 लाख सदस्य बनें। देश में यह आंकड़ा 2 करोड़ से अधिक हो गया है और रतलाम जिले में 41 हजार सदस्य बनें हैं। जिले का लक्ष्य 3 लाख सदस्य बनाने का है, जिसे पूरा करने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को मेहनत करनी होगी। श्री गोटिया ने सदस्यता के लिए नमो एप, बार कोड आदि माध्यमों का उपयोग करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रति विपक्षी दल दुष्प्रचार करते आ रहे हैं, जिसे विफल करने और सही जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के लिए सदस्यता अभियान का डाटा बहुत काम आएगा। पार्टी इसके माध्यम से अपना संदेश करोड़ों लोगों तक पहुंचाएगी।
प्रारंभ में जिलाध्यक्ष श्री उपाध्याय ने जिले में सदस्यता अभियान की जानकारी दी और 24 मंडलों में व्यापक स्तर पर सदस्यता अभियान चलाने का आव्हान किया। सदस्यता प्रभारी जिला महामंत्री निर्मल कटारिया ने अब तक किए गए कार्यों की जानकारी दी। महापौर प्रहलाद पटेल ने पार्षदों एवं उनके द्वारा किए गए प्रयासों पर प्रकाश डाला। जिला मीडिया प्रभारी अरुण त्रिपाठी ने बताया कि बैठक के आरंभ में श्री गोटिया का स्वागत किया गया। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष बजरंग पुरोहित, निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, जिला उपाध्यक्ष सुनिल सारस्वत एवं बलवंत भाटी, जिला कोषाध्यक्ष जयवंत कोठारी, जिला मंत्री सोना शर्मा, मंडल अध्यक्ष आदित्य डागा, विनोद यादव, मयूर पुरोहित, निलेश गांधी, भाजयुमो जिलाध्यक्ष विप्लव जैन सहित भाजपा के विभिन्न मोर्चा, प्रकोष्ठ पदाधिकारी एवं पार्षदगण उपस्थित रहें।
बड़ा बनने का मौका है, भाजपा का सदस्यता अभियान : पूर्व प्रदेश महामंत्री विनोद गोटिया, रतलाम शहर विधानसभा क्षेत्र में सदस्यता अभियान की समीक्षा, जिले में अब तक बने 41,000 सदस्य
