खबर पक्की, 6 सितंबर, रतलाम। रतलाम के गांव बड़ोदिया में पुल पार करते समय नदी में बहे दूसरे व्यक्ति का शव घटना स्थल से 16 किलोमीटर दूर गांव सिमलावदा खुर्द में मिला। दरअसल, शुक्रवार सुबह ग्रामीण घास काटने गए हुए थे इसी दौरान झाडिय़ों में क्षत-विक्षत हालात में बॉडी दिखी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने घरवालों को सूचित कर मौके पर बुलाया।
दरअसल, रविवार रात 10 बजे हरकिशन पंवार (67) निवासी रतलाम व शंकर मौरे (30) निवासी गांधी नगर अपने 3 अन्य दोस्तों के साथ रतलाम से दो पहिया वाहन से ग्राम नायन में ढाबे पर गए थे। यहां से जन्मदिन की पार्टी मना कर लौट रहे थे। रात में बारिश होने के कारण गांव बड़ोदिया में कुरेल नदी पुल पर पानी आ गया। पुल पार करने के दौरान पानी में बह गए।
ग्रामीणों ने देखा शव
शुक्रवार सुबह जब गांव के लोग खेतों में अपने-अपने काम पर निकले तो उन्हें शव दिखा। जिस जगह शव मिला है वह कुरेल नदी व मलवासा गांव के नाले का संगम है। इस गांव के बाद अगले गांव से उज्जैन जिले की सीमा लग जाती है।
पीएम के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा जाएगा
इसके बाद परिवार वालों को भी सूचना देकर बुलाया। शव की शिनाख्त करवाई तो वह शंकर मौरे का निकला। दोपहर 12 बजे तक पुलिस मौके पर पंचनामा समेत अन्य कार्रवाई कर रही थी। बांगरोद पुलिस चौकी प्रभारी आनंद बागवान ने बताया शव की शिनाख्त हो गई है। शंकर मौरे का ही शव है। पंचनामे की कार्रवाई की जा रही है। पीएम के लिए शव को रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा जाएगा।
कुरेल नदीं में बहे दूसरे व्यक्ति का शव मिला
