• Thu. Oct 29th, 2026

शादीशुदा प्रेमी जोड़े ने श्रृंगार किया, फिर सुसाइड, युवक ने पत्नी से कहा था- स्वीकार कर लो, दोनों को साथ रखूंगा

BySurendra Jain

Jun 8, 2024

खबर पक्की, 8 जून, रतलाम। प्रेमी जोड़े ने एक ही रस्सी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों शादीशुदा थे और दो – दो बच्चे हैं। घटना पिपलौदा थाने के बड़ौदा गांव की है। शुक्रवार देर शाम 7 बजे दोनों के शव खेत में गुमटीनुमा टीनशेड में लोहे के एंगल से फांसी के फंदे पर लटके मिले।
ग्राम बड़ौदा के रहने वाले कमलेश शर्मा (33) और सपना प्रजापत (31) 31 मई को घर से भाग गए थे। चार दिन पहले दोनों पिपलौदा थाने पहुंचे थे। यहां पुलिस से कहा- दोनों साथ रहना चाहते हैं। परिवार के लोगों ने घर आने से मना कर दिया है। तब से पिपलौदा के एक होटल में ठहरे हुए थे।
महिला का शव नहीं ले गए परिजन
शवों का पोस्टमॉर्टम शनिवार सुबह पिपलौदा के स्वास्थ्य केंद्र में हुआ। महिला के पिता और भाई आए, लेकिन वे शव नहीं ले गए। उनका कहना था कि हमारा कोई वास्ता नहीं है। इस पर पुलिस ने महिला के शव का पिपलौदा में ही अंतिम संस्कार किया। कमलेश के शव को परिजन बड़ौदा गांव ले गए।
कमलेश ने पत्नी सुनीता को शुक्रवार को फोन कर कहा कि दोनों को साथ रखूंगा। तुम इसे स्वीकार कर लो, लेकिन पत्नी ने आपत्ति ली। इसके बाद दोनों में कहासुनी हुई। शाम को करीब 4 बजे कमलेश और सपना पिपलौदा से निकले और सुसाइड कर लिया।
जानकारी के अनुसार, शाम को कमलेश के परिजन अपने खेत की तरफ गए, तब गुमटी में दोनों के शव देखे और पुलिस को सूचना दी। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल की जांच की है।
पुलिस के मुताबिक, कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, लेकिन घटनास्थल पर दोनों के शव देखकर लग रहा है कि उन्होंने नए कपड़े पहने हैं। नव विवाहित के तौर पर सपना ने शृंगार किया और नई साड़ी पहनी। युवक ने भी तिलक लगाया हुआ है।
मायके वाले आने को तैयार नहीं थे
जावरा एसडीओपी शक्ति सिंह चौहान और पिपलौदा थाना प्रभारी रेखा चौधरी मौके पर पहुंचे। महिला के मायके वालों से संपर्क किया तो उन्होंने आने से मना कर दिया। बोले- हमारा उससे कोई वास्ता नहीं है। जैसे – तैसे पुलिस ने महिला के परिजन को मनाया।
थाने में बताया दोनों ने कोर्ट मैरिज की
जावरा एसडीओपी शक्ति सिंह चौहान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों ने कोर्ट मैरिज भी की है। यह बात दोनों ने थाने में पेश होकर कही थी। हालांकि, दस्तावेज पेश नहीं किए थे। थाने में इनकी गुमशुदगी दर्ज हुई थी। चार दिन पहले दस्तयाब हो गए थे।
कमलेश की 5 और एक साल की दो बेटी हैं। सपना के भी दो बच्चे हैं। इनमें 8 साल का बेटा और 6 साल बेटी है। महिला का ससुराल बड़ौदा गांव में, जबकि मायका राजस्थान के कोटड़ी में है।

You missed

error: Content is protected !!