• Thu. Oct 29th, 2026

पिता-मामा ने बेटी को दो लाख रुपए में बेचा, खरीदने वालों ने खेत में काम कराया, बंधक बनाकर रखा

BySurendra Jain

May 24, 2024

खबर पक्की, 24 मई, रतलाम। जिले के सैलाना में पिता ने बेटी को उसके मामा के साथ मिलकर 2 लाख रुपए में बेच दिया। खरीदने वालों ने उसे बंधक बनाकर खेत में काम कराया। युवती ने भागकर अपने प्रेमी के पास पहुंची। दोनों ने कोर्ट में शादी कर ली है। युवती ने जिस युवक से शादी की, उसके पिता के साथ लड़की के पिता ने मारपीट की। पुलिस ने केस दर्ज किया है।
सैलाना थाना क्षेत्र की 18 साल की युवती ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। युवती ने बताया वह एक युवक से शादी करना चाहती थी। इस बात को लेकर परिजन उसके साथ मारपीट करते थे। 11 फरवरी 24 को वह बिना बताए अपनी सहेली के घर चली गई। पापा ने गुमशुदगी दर्ज करवाई। 17 फरवरी को वह सैलाना थाने पहुंची। यहां पापा यह कहकर ले गए कि तेरी शादी तेरी मर्जी से करेंगे।
1 मार्च 2024 को पापा और मामा ने 2 लाख रुपए में उसे प्रेम पिता कालू निनामा निवासी परनाला (जिला प्रतापगढ़, राजस्थान) को बेच दिया। वहां इन दोनों और प्रेम के भाई मंसू ने बंधक बनाकर रखा। उससे घर और खेत का काम करवाया। 17 मार्च को वह वहां से भाग कर जिससे प्रेम करती थी, उसके पास चली गई। दोनों ने कोर्ट में शादी भी कर ली। पिता ने धमकी दी है कि तुझे और जिससे शादी की है, वो जहां दिखेंगे जान ले लूंगा। गुरुवार को परिवारवालों ने ससुरालवालों के साथ मारपीट की।
युवक के पिता से मांगे 45 लाख रु.
युवती ने जिस युवक से शादी की है, उसके पिता ने भी युवती के पिता पर 45 लाख रुपए मांगने का केस दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि जब युवती थाने में बयान देने आई तो हमने भी उसे पिता के साथ जाने के लिए समझाया था। उसके पिता ने उसका दूसरी जगह रिश्ता किया और वह वहां से चली गई तो हमारी क्या गलती। तब से युवती का पिता, भाई, ताऊ, चचेरा भाई जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। डर के मारे मैं उन्हें 50 हजार रुपए दे चुका हूं। मुझे और परिवार को जिंदा जलाने की भी धमकी दी है। गुरुवार को भी इन्होंने मारपीट की।

You missed

error: Content is protected !!