• Thu. Oct 29th, 2026

लोकसभा निर्वाचन 2024 : मतदान दलों को द्वितीय प्रशिक्षण आगामी 4 मई से 7 मई तक प्रदान किया जाएगा

BySurendra Jain

Apr 26, 2024

खबर पक्की, 26 अप्रैल, रतलाम। लोकसभा आम निर्वाचन 2024 के अंतर्गत मतदान दलों का द्वितीय प्रशिक्षण आगामी 4 मई से 7 मई तक आयोजित किया जाएगा। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र जावरा, आलोट तथा सैलाना के मतदान दलों का द्वितीय प्रशिक्षण 4, 5 तथा 6 मई को आयोजित किया जाएगा। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र रतलाम ग्रामीण तथा रतलाम शहर के मतदान दलों का द्वितीय प्रशिक्षण आगामी 6 तथा 7 मई को आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण में पीठासीन अधिकारी के अलावा मतदान अधिकारी क्रमांक 1, 2 तथा मतदान अधिकारी क्रमांक 3 शामिल होंगे।
विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र जावरा तथा आलोट के मतदान दलों को जावरा के आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्रशिक्षण दिया जाएगा। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र सैलाना के मतदान दलों को सैलाना के कन्या शिक्षा परिसर बायपास रोड में प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इसी प्रकार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र रतलाम शहर तथा रतलाम ग्रामीण के मतदान दलों को रतलाम के रतलाम पब्लिक स्कूल में प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
प्रशिक्षण के नोडल अधिकारी तथा प्राचार्य शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय डॉ. वाय.के. मिश्रा ने बताया कि विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र आलोट तथा जावरा के लिए निर्धारित प्रशिक्षण कार्यक्रम अनुसार मतदान दलों को 4 मई को एक शिफ्ट में दोपहर 12.30 बजे से 3.30 तक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इसी प्रकार 5 तथा 6 मई को दो शिफ्ट में प्रथम शिफ्ट प्रात: 8.30 बजे से 11.30 तक तथा द्वितीय शिफ्ट में दोपहर 12.30 बजे से दोपहर 3.30 तक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र सैलाना के मतदान दलों के निर्धारित प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत 4 मई को एक शिफ्ट में दोपहर 12.30 से दोपहर 3.30 तक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसी प्रकार 5 तथा 6 मई को दो शिफ्ट में प्रथम शिफ्ट में प्रात: 8.30 बजे से प्रात: 11.30 तक तथा द्वितीय शिफ्ट में दोपहर 12.30 बजे से दोपहर 3.30 बजे तक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र रतलाम शहर तथा रतलाम ग्रामीण के मतदान दलों को 6 तथा 7 मई को प्रत्येक दिवस दो शिफ्ट में प्रथम शिफ्ट प्रात: 8.30 से 11.30 तक तथा द्वितीय शिफ्ट में दोपहर 12.30 बजे से 3.30 बजे तक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
डॉ. मिश्रा ने बताया कि प्रत्येक प्रशिक्षण स्थल पर डाक मत पत्र से मतदान की सुविधा रहेगी। प्रशिक्षण के प्रत्येक शिफ्ट की समाप्ति के पश्चात डाक मत पत्र से मतदान का समय रहेगा। प्रत्येक कर्मचारी को डाक मत पत्र का इस्तेमाल करना अनिवार्य है। ईवीएम तथा वीवीपेट कमिशनिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र रतलाम ग्रामीण तथा रतलाम शहर के लिए ईवीएम, वीवीपेट कमिशनिंग प्रशिक्षण शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय रतलाम में 29 अप्रैल को दोपहर 3.30 आयोजित किया जाएगा। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र जावरा तथा आलोट के लिए 29 अप्रैल को आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जावरा में प्रात: 10.00 बजे ईवीएम, वीवीपेट कमिश्निंग प्रशिक्षण आयोजित होगा। इसके अलावा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र सैलाना के लिए 29 अप्रैल को शासकीय महाविद्यालय सैलाना में दोपहर 12.30 बजे ईवीएम, वीवी पेट कमिशनिंग प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा।
माइक्रो आब्जर्वर का प्रशिक्षण 27 मई को
लोकसभा निर्वाचन 2024 के अंतर्गत नियुक्त किए जाने वाले माइक्रो आब्जर्वर का प्रशिक्षण 27 मई को प्रात: 11.00 बजे रतलाम के सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल में आयोजित किया जाएगा। इस प्रशिक्षण में लगभग 400 माइक्रो आब्जर्वर हिस्सा लेंगे।

You missed

error: Content is protected !!