• Thu. Oct 29th, 2026

ग्रीष्म ऋतु में नागरिकों को पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध करायें, जलप्रदाय विभाग की बैठक में निगम आयुक्त श्री भट्ट ने दिये निर्देश, गंदे पानी से खेती करने वालो के विरूद्ध होगी दण्डात्मक कार्यवाही, किसान खेती हेतु ट्रीटेड वॉटर का करें उपयोग

BySurendra Jain

Mar 26, 2024

खबर पक्की, 26 मार्च, रतलाम। ग्रीष्म ऋतु में नगर के नागरिकों को पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध हो इस हेतु निगम आयुक्त हिमांशु भट्ट ने जलप्रदाय विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
निगम आयुक्त श्री भट्ट ने बैठक में निर्देशित किया कि नगर के नागरिकों को ग्रीष्म ऋतु में पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध हो इस हेतु सभी तैयारियां समय पूर्व पूर्ण कर ली जाये। उन्होने निर्देशित किया कि पेयजल टैंकरो को चालू स्थिति में रखा जाये यदि कोई टेंकर खराब है तो उसे तत्काल दुरस्त कराया जाये साथ ही लीकेज दुरस्ती का कार्य मुस्तैदी से करवाया जाये व गन्दे पानी की समस्या का त्वरित गति से निराकरण किया जाये।
आयोजित बैठक में बताया गया कि 26 मार्च 2023 को धोलावाड़ डेम का वॉटर लेवल 385.30 मीटर था इस वर्ष 386.30 मीटर है जो गत वर्ष की तुलना में 1 मीटर ज्यादा है। पिछले वर्ष 12 अप्रैल को मड पम्प चालू किये गये थे तब डेम का वॉटर लेवल 384.90 मीटर था। इस वर्ष पिछले वर्ष की तुलना में डेम का वॉटर लेवल अधिक होने से मई माह में मड पम्प चालू करने की स्थिति बनेगी।
निगम आयुक्त श्री भट्ट ने बैठक में निर्देशित किया कि गन्दे पानी से खेती करने वाले किसानों पर दण्डात्मक कार्यवाही किये जाने हेतु प्रभावी कदम उठाये जाये ताकि नागरिक किसी प्रकार की बीमारी से पीडि़त ना हो। उन्होने कहा कि खेती के लिये ट्रीटेड वॉटर का उपयोग करना उचित है इस हेतु ऐसे किसान जो कि खेतो में सिंचाई हेतु नगर निगम के करमदी व खेतलपुर ट्रीटेड प्लांट से ट्रीटेड वॉटर क्रय करना चाहते है तो वे नगर निगम के जलप्रदाय कांउटर से 50 रूपये प्रति किलोलीटर के मान से रसीद कटवाकर क्रय कर सकते हैं। 3000 लीटर के टैंकर की दर 150 रूपये प्रति टैंकर है। इस हेतु किसान को अपना टैंकर खेतलपुर व करमदी एसटीपी प्लांट पर स्वंय को लाना होगा।
आयोजित बैठक में कार्यपालन यंत्री सुरेशचन्द्र व्यास, सहायक यंत्री श्याम सोनी, उपयंत्री सुहास पंडित, बी.एल. चौधरी, ब्रजेश कुशवाह, मनीष तिवारी, नीरज यादव, मोहनलाल ओसारी सहित वॉल्व मैन आदि उपस्थित थे।

You missed

error: Content is protected !!