• Thu. Oct 29th, 2026

आपसी सौहार्द के साथ मनाए जाएंगे सभी त्यौहार, अधिकारी सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन समय सीमा में करें : कलेक्टर श्री बाथम, जिला शांति समिति की बैठक संपन्न

BySurendra Jain

Mar 22, 2024

खबर पक्की, 22 मार्च, रतलाम। जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक शुक्रवार को नवीन पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभाकक्ष में संपन्न हुई। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री राजेश बाथम की अध्यक्षता में संपन्न उक्त बैठक में बताया गया कि आगामी सभी त्योहार शहर की परंपरा अनुसार सौहार्दपूर्ण ढंग से सद्भाव के साथ मनाए जाएंगे। इस अवसर पर कलेक्टर राजेश बाथम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शांति समिति के निर्णय अनुसार सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन गंभीरता से समय सीमा में करे। बैठक में पुलिस अधीक्षक राहुल लोढ़ा ने त्योहारों का आयोजन के दौरान की जाने वाली पुलिस व्यवस्थाओं की जानकारी दी। बैठक में अन्य अधिकारी एवं शांति समिति के सदस्यगण भी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री बाथम तथा पुलिस अधीक्षक श्री लोढ़ा ने प्रशासकीय व्यवस्था से सदस्यों को अवगत कराया और कहा कि प्रशासन नागरिकों को सभी त्यौहार शांति, परस्पर सहयोग तथा सद्भाव के साथ मनाने में पूर्ण सहयोग करेगा। शहर में परम्परागत रुप से सद् भाव के साथ आयोजन की परम्परा रही है। परम्परागत रुप से निकलने वाली होली की गैर निर्धारित मार्ग से ही निकले, ताकि व्यवस्था बनाई जा सके।
कलेक्टर श्री बाथम ने कहा कि प्रशासन हर स्तर पर नागरिकों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए संकल्पबद्ध है। लोकसभा निर्वाचन की आदर्श आचरण संहिता का हम सभी पालन करेंगे, एकदूसरे की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए त्यौहारों को शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न कराएंगे। प्रशासनिक स्तर पर समस्त व्यवस्थाएं संपादित की जाएंगी। संबंधित विभाग के अधिकारियों को कलेक्टर ने नियोजित ढंग से व्यवस्थाओं के लिए कार्य करने हेतु निर्देशित किया।
होली पर्व पर बिजली के तार, केबल सडक़ों पर नही लटके इसके लिए कलेक्टर ने विद्युत कम्पनी को निर्देशित किया। खासतौर पर शरहर में निकलने वाली गैर के मार्ग पर विशेष रुप से ध्यान देने के निर्देश दिए। जिला अस्पताल में एम्बुलेंस एवं उपचार की अन्य व्यवस्था के समुचित प्रबंध करने के निर्देर्श दिए ताकि रंगों के त्यौहार पर किसी प्रकार की घटना में त्वरित सहायता उपलब्ध करवाई जा सके। उन्होंने अधिकारियों से निरंतर गश्त करने, त्यौहारों की व्यवस्था की निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही गैर के आयोजकों से भी कहा कि वे अनुमति लेकर ही गैर निकाले।
पुलिस अधीक्षक श्री लोढ़ा ने कहा कि त्यौहार के दिनों में किसी की भावना आहत न हो और न किसी प्रकार की परेशानी हो, इस बात को ध्यान में रखा जाए। पुलिस गश्त निरंतर रहेगी, होली दहन तथा गैर के आयोजक अपने स्वयं सेवकों को तैयार रखे ताकि किसी प्रकार की परेशानी अन्य लोगों को न हो। फायर फाइटर जो रंगपंचमी पर रंगों की फुहार छोड़ते है उन पर भी जिम्मेदार लोगों की तैनाती की जाए। बैठक में उपस्थित सदस्यों पूर्व महापौर शैलेन्द्र डागा, पत्रकार शरद जोशी, जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष अशोक चौटाला, मधु पटेल, विरेन्द्र वाफगांवकर, गोविन्द काकानी, ओमप्रकाश त्रिवेदी, अरुण त्रिपाठी, पार्षद श्रीमती यास्मीन शैरानी, विनोद मिश्रा, अशोक जैन लाला, सईद कुरैशी, सलीम मेव, इस्माईल ताज, सलीम आरिफ, रार्जेश मूणत सहित अन्य सदस्यों ने अपने सुझाव प्रस्तुत किए। बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी श्री राधेश्याम मंडलोई, निगमायुक्त हिमांशु भट्ट, निगम कार्यपालन यंत्री सुरेश व्यास, तहसीलदार ऋषभ ठाकुर उपस्थित थे।

You missed

error: Content is protected !!