• Thu. Oct 29th, 2026

सज्जन मिल संयुक्त संघर्ष समिति प्रतिनिधि मंडल ने कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप को दिया धन्यवाद

BySurendra Jain

Mar 15, 2024

खबर पक्की, 15 मार्च, रतलाम। सज्जन मिल संयुक्त संघर्ष समिति प्रतिनिधि मंडल ने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री, चेतन्य काश्यप का स्वागत कर उन्हे धन्यवाद ज्ञापित किया। मंत्री श्री काश्यप द्वारा सज्जन मिल के श्रमिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए गत दिवस भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से आग्रह किया था कि इंदौर की हुकुमचंद मिल की तरह रतलाम की सज्जन मिल के 2900 मजदूरों की तीस वर्षों से बकाया मजदूरी एवं अन्य देनदारियों का भुगतान मध्यप्रदेश गृह निर्माण मंडल और अधोसंरचना विकास मंडल के माध्यम से कराया जाए।
मंत्री श्री काश्यप द्वारा सज्जन मिल के मजदूरों के हित में मंत्रालय में मुख्यमंत्री डॉ. यादव से भेंट कर इस संबंध में उन्हे आग्रह पत्र भी सौंपा था। इसकी जानकारी यहां के मजदूर एवं उनके परिवारजनों को मिलने पर उनमें हर्ष व्याप्त है। इसके चलते सज्जन मिल संयुक्त संघर्ष समिति प्रतिनिधि मंडल मंत्री श्री काश्यप को धन्यवाद ज्ञापित करने पहुंचा था। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भी मंत्री श्री काश्यप को आश्वस्त किया है कि वे सज्जन मिल की बकाया देनदारियों का भुगतान कराने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करेंगे। उनके द्वारा इस संबंध में अधिकारियों को निर्देशित भी किया जा चुका है। स्वागत के दौरान समिति संयोजक मधु पटेल, अर्जुन लाल निमावत, मोतीलाल चौहान, बसंतीलाल सालवी, महेश माहेश्वरी, भंवर सिंह, सोहनलाल निमावत, रघुवीर शर्मा, महेश, बहादुर सिंह भाटी, मनोहर पहलवान, मोहन करवारा, महेंद्र सिंह भाटी, लक्ष्मीनारायण गेहलोत, जगदीश तिवारी आदि उपस्थित रहे।

You missed

error: Content is protected !!