• Thu. Oct 29th, 2026

एफआईआर के एक घंटे बाद आरोपी की मौत, शव थाने पर रख परिजनों ने जताया आक्रोश, सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार भी पहुंचे

BySurendra Jain

Feb 28, 2024

खबर पक्की, 28 फरवरी, रतलाम। जिले के रावटी में दो पक्षों में मारपीट के बाद एक पक्ष की रिपोर्ट ने तब तूल पकड़ लिया जब आरोपी की संदेहास्पद मौत हो गई। इससे परिजन आक्रोशित हो उठे। थाने में शव ले जाकर रख दिया। सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार भी परिजनों के साथ थाने पर पहुंच गए। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच की बात कर रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दो दिन पूर्व रावटी के देथला ग्राम पंचायत के गांव आड़ापथ में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई थी। पुलिस ने फरियादी कांतिबाई भाभर, बहादुर भाभर व लालचंद भाभर की रिपोर्ट पर आरोपी जीवन भाभर, उदयसिंह भाभर, मोहन भाभर सहित 7 से 8 अन्य लोगों के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज किया था। बुधवार को भी दोनों पक्षों में विवाद हुआ। शाम करीब 4 से 4.30 बजे पुलिस ने फिर एफआईआर की। इसके करीब एक घंटे बाद आरोपी पक्ष के उदयसिंह की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई। ग्रामीण व परिजन आक्रोशित हो उठे। शव को लेकर थाने पहुंचे गए। पुलिस पर झूठा प्रकरण दर्ज करने का आरोप लगाया। घटना की सूचना पर सैलाना विधायक डोडियार भी थाने पर जाकर बैठ गए। पुलिस कार्रवाई पर उन्होंने सवाल उठाए। शव को पीएम के लिए रात 8 बजे रतलाम मेडिकल कॉलेज रवाना किया।
विधायक डोडियार का कहना था कि पुलिस द्वारा झूठा मुकदमा दर्ज किया है। परिवार के लोगों ने भी कहा कि झूठा मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस उसे परेशान कर रही थी। मैं थानाधिकारी से बात करने आया था कि इस मामले को गंभीरता से ले। मेरे आने के बाद परिवार वाले डेड बाडी लेकर आ गए। मैं इनको समझाकर जा रहा हूं। पोस्टमार्टम कराना होगा। कानून का पालन करना होगा। जिन लोगों ने झूठा मुकदमा दर्ज कराया है उनके खिलाफ भी केस दर्ज होना चाहिए। पुलिस वालों के खिलाफ भी कार्रवाई होना चाहिए।
एसपी राहुलकुमार लोढ़ा ने बताया दोपहर में करीब 4 से 4.30 बजे दो पक्षों में फिर से झगड़ा हुआ था। एक पक्ष थाने पर आया और दूसरे पक्ष के खिलाफ केस दर्ज कराया। जिसके खिलाफ मामला पंजीबद्ध किया है उसे एक घंटे बाद अटैक आने से उसकी मौत हो गई है। मर्ग कायम किया है। पीएम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

You missed

error: Content is protected !!