• Thu. Oct 29th, 2026

जनसुनवाई में आए 46 आवेदनों के निराकरण के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए

BySurendra Jain

Feb 20, 2024

खबर पक्की, 20 फरवरी, रतलाम। जिला स्तरीय जनसुनवाई मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। इस दौरान प्राप्त 46 आवेदनों के निराकरण हेतु सीईओ जिला पंचायत अमन वैष्णव तथा अपर कलेक्टर आर.एस. मण्डलोई द्वारा संबंधित विभागो के अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
जनसुनवाई के दौरान मोहन नगर रतलाम निवासी संतोषबाई पांचाल ने आवेदन देते हुए बताया कि नगर निगम की लापरवाही के कारण प्रार्थिया की समग्र आई.डी. में त्रुटिपूर्ण जानकारी इन्द्राज होने से विगत सात-आठ माह से मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना का लाभ मिलना बन्द हो गया है। निगम के कर्मचारियों से बात करने पर कहते हैं कि अन्य विभाग से आई.डी. ठीक होगी। महिला कल्याण विभाग के कर्मचारियों द्वारा बताया कि आई.डी. ठीक करने का कार्य नगर निगम का है। दोनों ही विभाग समग्र आई.डी. ठीक नहीं कर रहे हैं। प्रार्थिया की आर्थिक स्थिति भी अत्यन्त दयनीय है जिससे काफी परेशानियों का सामना करना पड रहा है। समस्या का निदान कर मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना की राशि दिलवाई जाए। आवेदन निराकरण के लिए नगर निगम को प्रेषित किया गया है।
सैफी नगर के रहवासियों द्वारा संयुक्त रुप से जनसुनवाई में बताया गया कि सैफी नगर वार्ड 20 दीनदयाल नगर से जुडा हुआ है तथा उसमें स्थित बगीचे की जमीन पर प्लाट काटने की नियत से भू-माफियाओं से सांठगांठ कर 11 फरवरी को सडक निर्माण हेतु चूना लाईन डाल दिया जिसका मोहल्ले के रहवासियों द्वारा विरोध करने पर संबंधित पार्षद व ठेकेदार द्वारा कहा गया कि उक्त जमीन पर रोड बनाने की अनुमति दी गई है। इस सम्बन्ध में सी.एम. हेल्पलाईन पर शिकायत करने पर कार्य रोक दिया गया है। उक्त बगीचे की जमीन पर तार फेंसिंग की जाकर पेड-पौधे लगाए जाकर बगीचे का स्वरुप प्रदान किया जाए, ताकि जमीन पर किसी तरह का अतिक्रमण नहीं हो सके। आवेदन निराकरण के लिए नगर निगम को भेजा गया है।
ग्राम रत्तागढखेडा निवासी मीराबाई ने बताया कि प्रार्थिया की कृषि भूमि ग्राम में ही स्थित है जिस पर फसल लगी हुई है। समीप के खेत से निकलने वाला पानी प्रार्थिया के खेत में एकत्रित हो रहा है जिससे फसल को नुकसान पहुंच रहा है। साथ ही मक्खी-मच्छर पनपने से बीमारी बढने का खतरा पैदा हो गया है, कृपया निराकरण करें। आवेदन जनपद सीईओ को निराकरण के लिए भेजा गया है। पुरोहितजी का वास रतलाम निवासी सायरा बी. पति रईस खाँ ने जनसुनवाई के दौरान बताया कि प्रार्थिया द्वारा एक निजी स्कूल में आठ वर्ष तक अध्यापन कार्य किया गया परन्तु निजी कारणों से विद्यालय छोड दिया। विद्यालय द्वारा प्रार्थिया का एक माह का वेतन तथा पी.एफ. राशि का भुगतान नहीं किया जा रहा है। कृपया भुगतान करवाया जाए। आवेदन निराकरण के लिए जिला शिक्षा विभाग को भेजा गया है।
थावरिया बाजार रतलाम निवासी घनश्याम कसेरा ने बताया कि थावरिया बाजार भंडारी गली स्थित श्री गणेश मंदिर की दीवार पर विद्युत खंभा टूटकर गिर गया जिससे मंदिर की दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई है। इस घटना की शिकायत विद्युत वितरण कम्पनी को की जा चुकी है परन्तु आज तक कोई कार्यवाही नहीं की गई। उचित कार्यवाही की जाए। आवेदन निराकरण के लिए विद्युत वितरण कम्पनी को प्रेषित किया गया है। ग्राम हिम्मतगढ के निवासियों ने जनसुनवाई के दौरान बताया कि ग्राम हिम्मतगढ से पलाश फण्टे तक आवागमन हेतु प्रधानमंत्री ग्राम सडक योजनान्तर्गत सडक निर्माण हेतु विगत एक वर्ष पूर्व राशि स्वीकृत होने के बाद भी सडक निर्माण कार्य प्रारम्भ नहीं हुआ है, जिससे राहगीरों के साथ ही आमजन को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड रहा है। साथ ही गांव के विद्यार्थियों को स्कूल तथा कालेज जाने में काफी दिक्कतें होती हैं एवं घटना-दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है। आवेदन निराकरण के लिए संबंधित विभाग को प्रेषित किया गया है।

You missed

error: Content is protected !!