• Thu. Oct 29th, 2026

कलेक्टर श्री भास्कर लाक्षाकार ने पटाखा तथा गैस सिलेंडर गोदामों का निरीक्षण किया

BySurendra Jain

Feb 7, 2024

खबर पक्की, 6 फरवरी, रतलाम। रतलाम जिले में कोई भी अग्नि दुर्घटना नहीं हो यह सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर भास्कर लाक्षाकार ने बुधवार को रतलाम शहर में अधिकारियों को साथ लेकर पटाखा तथा रसोई गैस सिलेंडर गोदामों का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर द्वारा सुरक्षा मापदंडों के आधार पर गोदामों का बारीकी से जायजा लेते हुए निर्देश दिए कि संचालकगण संवेदनशीलता के साथ गोदामों में शासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा मापदंडों के आधार पर आमजन के हित में सुरक्षा सुनिश्चित करें। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री राहुल लोढ़ा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश खाखा, एसडीएम संजीव पांडे, सीएसपी, थाना प्रभारी आदि उपस्थित थे।
कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान गोदाम संचालकों को कड़ाई से निर्देशित किया कि यदि सुरक्षा मापदंडों में कोई कमी पाई जाती है तो उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। निर्धारित सुरक्षा मापदंडों का पूर्ण रूप से पालन होना चाहिए, किसी भी स्थिति में कोई अग्नि दुर्घटना नहीं हो। अग्नि दुर्घटना से बचाव हेतु उपकरणों की जानकारी प्राप्त की गई। अग्निशमन यंत्र, जल तथा बालू की उपलब्धता का जायजा लिया गया, गोदामों पर उपलब्ध बिल तथा स्टॉक रजिस्टर देखा गया।
कलेक्टर द्वारा शहर के सागोद रोड स्थित बाबूलाल रतनलाल पोखरना के पटाखा गोदाम, हाट रोड़ स्थित ललित गैस एजेंसी, टैंकर रोड स्थित अल्पा गैस एजेंसी, महावीर नगर स्थित एचपी गैस एजेंसी, जावरा रोड स्थित रूमी गैस एजेंसी, अंकित गैस एजेंसी तथा महू नीमच रोड स्थित एचपी गैस एजेंसी के गोदामों का निरीक्षण किया गया। आमजन की जान-माल की सुरक्षा के दृष्टिगत कलेक्टर द्वारा रिहायशी इलाकों में स्थित गैस सिलेंडर गोदामों को जल्दी से जल्दी आबादी इलाके से बाहर ले जाने के निर्देश दिए। साथ ही पेसो पोर्टल पर ठीक से एंट्री करने के निर्देश भी संचालकों को दिए गए। कलेक्टर ने अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि पटाखा तथा गैस एजेंसी गोदामो पर सतत नजर रखी जाए, नियमित रूप से निरीक्षण करते रहें।
कलेक्टर के निर्देश पर जिले में सभी एसडीएम द्वारा भी अपने क्षेत्र के गैस सिलेण्डर गोदामों का निरीक्षण किया गया। साथ ही पटाखा विक्रय करने वाले दुकानदारों की बैठकें आयोजित कर आवश्यक निर्देश दिए गए।

You missed

error: Content is protected !!