• Thu. Oct 29th, 2026

भांजगड़ा प्रथा के नाम पर पैसे के लिए दबाव बनाकर आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाला एक आरोपी गिरफ्तार,तीन फरार, भांजगड़ा अवैधानिक कुप्रथा है, इसके नाम पर अवैध वसूली करने वालो पर पुलिस करेगी कार्यवाही

BySurendra Jain

Jan 4, 2024

खबर पक्की, 4 जनवरी, रतलाम। जिले के रावटी थाना अंतर्गत ग्राम कांछला में 4 दिन पूर्व मन्ना पिता शवजी खाट द्वारा घर के सामने खाखरे के पैड पर फांसी लगाकर आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है जबकि तीन आरोपी फरार है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार विगत 31 दिसम्बर को रावटी पुलिस को सूचना मिली कि मन्ना पिता शवजी खाट निवासी कांछला द्वारा घर के सामने खाखरे के पैड पर फांसी लगा ली है जिससे उसकी मृत्यु हो गई हैं सूचना पर थाना रावटी पर मर्ग क्र. 92/23 धारा 174 जा.फौ. कायम किया गया। घटनास्थल का पुलिस एवं फॉरेसिक अधिकारियों दिया निरीक्षण किया गया। पुलिस को मृतक मन्ना खाट द्वारा आत्महत्या करने के पूर्व वायरल किए वीडियो को संज्ञान मे लेकर जांच शुरू की। जांच के दौरान मृतक के परीजनों के कथन लेने पर यह सामने आया कि मृतक मन्ना व रुपा बाई पति रमेश मुनिया निवासी बासिन्द्रा का प्रेम प्रसंग था, तथा दोनो घर से भाग गए थे।
करीबन 15 – 20 दिन के बाद दोनो वापस आ गए थे। तब भांजगड़ा प्रथा के नाम पर मुन्ना खाट से रमेश पिता गवजी मुनिया, लालु पिता रामा मुनिया व नाथु पिता बाबरिया मुनिया निवासी बासिन्द्रा ने 90 हजार रुपये की अवैध वसूली की थी। भांजगड़ा के नाम पर पैसे देने के बाद पुन: रुपा बाई मन्ना खाट के साथ चली गई। करीबन 1 साल मुन्ना खाट के साथ रहने के बाद फिर वापस अपने पहले पति रमेश के घर आ गई। जिस पर पुन: करीबन डेढ लाख रुपये का भांजगड़ा हुआ था और रुपा बाई वापस रमेश के पास आ गई। रुपा बाई व उसके पति रमेश मुनिया तथा परिवार के लालु मुनिया, नाथु मुनिया निवासी बासिन्द्रा द्वारा मृतक से भांजगड़ा के पैसे लेने की नियत से दबाव बनाने लगे व झुठी रिपोर्ट कर फसाने की धमकी देने लगे। भांजगड़ा प्रथा के नाम पर प्रताडि़त होकर मन्ना खाट फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
भांजगड़ा के नाम पर हुई घटना की गंभीरता को लेकर पुलिस अधीक्षक राहुल कुमार लोढा द्वारा भांजगड़ा के नाम पर प्रताडि़त करने वालो के विरुद्ध कठोर कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया। रावटी पुलिस ने मर्ग जांच पर से अपराध 631/23 धारा 384,306,34 भादवि. अपराध पंजीबद्ध किया गया। आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम राकेश खाखा एवं उप पुलिस अधीक्षक सैलाना ईडला मोर्य के मार्गदर्शन में रावटी थाना प्रभारी प्रकाश गडरिया के नेतृत्व में थाना रावटी की टीम बनाकर आरोपीयों की जानकारी प्राप्त करने हेतु मुखबिर तंत्र सक्रिय किए गए थे । दिनांक 02 जनवरी को विश्वनीय मुखबीर से सुचना मिली कि नाथु पिता बावरिया मुनिया निवासी बासिन्द्रा का उसके खेत नदी तरफ छिपा हुआ हैं । तत्काल थाना प्रभारी प्रकाश गडरिया द्वारा पुलिस टीम बनाकर भेजा जिस पर पुलिस टीम की हिकमत अमली से आरोपी नाथु मुनिया को धर दबोचा गया। प्रकरण के तीन आरोपी रूपा बाई पति रमेश मुनिया,रमेश पिता गवजी मुनिया और लालू पिता रामा मुनिया सभी निवासी बसिंद्रा अभी फरार है जिन्हे शीघ्र गिरफ्तार किया जायेगा।
पुलिस अधीक्षक राहुल कुमार लोढा ने कहा है कि भांजगड़ा एक कुप्रथा है एवम पूर्णत: अवैधानिक है। भांजगड़ा के नाम पर अवैध वसूली करना, लोगो को ब्लैकमेल करना, डराने धमकाने वालो के विरुद्ध रतलाम पुलिस द्वारा अपराधिक प्रकरण दर्ज कर कठोरतम कार्यवाही की जाएगी।
आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी रावटी निरी.प्रकाश गडरिया, उनि रामसिंह खपेड़, आर.475 महेश मैडा, आर. 325 अनिल अमलियार, आर. 634 देवेन्द्र शर्मा आदि एवं थाना रावटी टीम का सराहनीय योगदान रहा।

You missed

error: Content is protected !!