• Thu. Oct 29th, 2026

जनसुनवाई में आए 37 आवेदन निराकरण के लिए संबंधित विभागों को भेजे गए

BySurendra Jain

Jan 2, 2024

खबर पक्की, 2 जनवरी, रतलाम। मंगलवार को कलेक्टोरेट कार्यालय में जनसुनवाई की गई। जनसुनवाई में 37 आवेदन प्राप्त हुए जिन्हें निराकरण के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया है। इस अवसर पर अपर कलेक्टर आर.एस. मण्डलोई, सीइओ जिला पंचायत अमन वैष्णव भी जनसुनवाई की।
जनसुनवाई के दौरान ग्राम भूतेडा निवासी कन्हैयालाल ने आवेदन देते हुए बताया कि प्रार्थी की माली हालत अत्यन्त दयनीय है तथा प्रार्थी आवासीय भूमि क्रय करने में असमर्थ है। पूर्व में प्रार्थी द्वारा मुख्यमंत्री भू आवास योजना में आवेदन किया था और योजना अन्तर्गत नाम भी सर्वे सूची में आ गया था परन्तु आज दिनांक तक मुझे योजना का लाभ प्राप्त नहीं हुआ है। प्रार्थी को आवासीय पट्टा आवंटित करने की कृपा की जाए। आवेदन निराकरण के लिए तहसीलदार जावरा को भेजा गया है। नामली निवासी राजाराम बलाई ने जनसुनवाई के दौरान बताया कि प्रार्थी के बडे भाई पिता की सम्पत्ति में से उसे हिस्सा नहीं दे रहे हैं। प्रार्थी के माता-पिता अपनी मृत्यु पूर्व तीनों बेटों में बराबर सम्पत्ति का बंटवारा किया था। प्रार्थी का नाम पावती में दर्ज होने के बाद भी भाइयों द्वारा हिस्सा नहीं दिया जा रहा है। प्रार्थी को उसके हिस्से की भूमि दिलवाने में मदद की जाए। आवेदन निराकरण के लिए नायब तहसीलदार को प्रेषित किया गया है।
पत्रकार कालोनी जावरा निवासी भूपेन्द्रसिंह चौहान ने आवेदन देते हुए बताया कि आयुष्मान कार्ड बनाए जाने हेतु पिता की समग्र आई.डी. व परिवार की आई.डी. को प्रारम्भ से ही अपात्र बताया जा रहा है। प्रार्थी के पिता कैंसर जैसी घातक बीमारी से पीडित हैं तथा उनका उपचार अहमदाबाद में चल रहा है। आर्थिक स्थिति दयनीय होने के कारण पिता के उपचार में काफी परेशानियों का सामना करना पड रहा है। यदि प्रार्थी को आयुष्मान कार्ड के लिए पात्र किया जाता है तो उससे पिता के उपचार में काफी मदद मिल सकेगी। आवेदन निराकरण के लिए सी.एम.एच.ओ. को भेजा गया है।
ग्राम सालाखेडी निवासी बाबूलाल ने आवेदन में बताया कि प्रार्थी की पत्नी का देहान्त 11 अक्टूबर 2023 को हो गया था। मृत्यु होने पर पंचायत द्वारा अन्त्येष्टि राशि का भुगतान आज दिनांक तक नहीं किया गया है और ना ही किसी भी प्रकार का राशन मुहैया करवाया गया है। मजदूर डायरी पर मिलने वाली राशि भी नहीं मिल पाई है। कृपया निराकरण किया जाए। आवेदन निराकरण के लिए जनपद सीईओ रतलाम को भेजा गया है। गवली मोहल्ला जावरा निवासी कमले गवली ने जनसुनवाई के दौरान बताया कि बडा मंदिर गवली मोहल्ले में कतिपय लोगों द्वारा अवैध रुप से अतिक्रमण किया जा चुका है जिसे हटवाने के लिए प्रार्थी द्वारा कई बार आवेदन भी दिए गए है परन्तु आज दिनांक तक अतिक्रमण नहीं हट पाया है, जिसके चलते आए दिन विवाद की स्थिति निर्मित हो जाती है। कृपया अतिक्रमण हटवाया जाए। आवेदन निराकरण के लिए सी.एम.ओ. जावरा को भेजा गया है।

You missed

error: Content is protected !!