• Thu. Oct 29th, 2026

जनसुनवाई में आए 36 आवेदन निराकरण के लिए संबंधित विभागों को भेजे गए

BySurendra Jain

Dec 26, 2023

खबर पक्की, 26 दिसंबर, रतलाम। मंगलवार को कलेक्टोरेट कार्यालय में जनसुनवाई की गई। जनसुनवाई में 36 आवेदन प्राप्त हुए जिन्हें निराकरण के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया है। इस अवसर पर अपर कलेक्टर आर.एस. मण्डलोई, सीइओ जिला पंचायत अमन वैष्णव भी जनसुनवाई की।
जनसुनवाई के दौरान ग्राम रानीगांव निवासी रामकिशन कुमावत ने आवेदन देते हुए बताया कि प्रार्थी का प्रधानमंत्री सम्मान निधि का फार्म गलती से सरेंडर हो गया है, इस सम्बन्ध में प्रार्थी द्वारा आवेदन भी कर दिया गया था तथा पटवारी से भी बात की थी परन्तु आज दिनांक तक कोई निराकरण नहीं किया गया है। निवेदन है कि प्रार्थी के सरेंडर हो चुके फार्म को अनलाक किया जाकर प्रधानमंत्री सम्मान निधि योजना की 14 वीं किश्त तथा मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना की 7 वीं किश्त का भुगतान प्रदान करने की कृपा करें। आवेदन निराकरण के लिए संबंधित विभाग को प्रेषित किया गया है।
वार्ड क्रमांक 30 की पार्षद श्रीमती शबाना ने आवेदन देते हुए बताया कि वर्तमान में जावरा फाटक अण्डर ब्रिज से सेजावता तक नवीन सिटी फोरलेन का कार्य प्रगति पर है। उक्त कार्य के पूर्व क्षेत्र में पानी की पाइप लाइन डालाना जाना अत्यावश्यक है, ताकि वर्षों पुरानी पानी की समस्या से आमजन को निजात दिलाई जा सके। आवेदन निराकरण के नगर निगम भेजा गया है। ग्राम आम्बा के सरपंच श्री परिहार ने जनसुनवाई में बताया कि ग्राम आम्बा में कुछ ग्रामवासियों द्वारा शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर लिया गया है। ग्राम पंचायत स्तर से होने वाले शासकीय कार्य करवाने में कठिनाई का सामना करना पड रहा है। इस स्थिति के चलते आए दिन लडाई झगडे की नौबत आ जाती है। अत: अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की जाए। आवेदन निराकरण के लिए एसडीएम जावरा को भेजा गया है।
ग्राम पंचायत मण्डावल की सरपंच तथा सचिव ने जनसुनवाई के दौरान बताया कि ग्राम पंचायत मण्डावल के हायर सेकेण्डरी स्कूल के पीछे शासकीय भूमि (जंगलात) पर कतिपय लोगों द्वारा अवैध रुप से अतिक्रमण कर लिया है। पंचायत द्वारा उक्त भूमि पर पौधारोपण किया गया जिसे हटाते हुए मकान का निर्माण कर अतिक्रमण किया जा चुका है। अत: उक्त अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की जाए। आवेदन निराकरण के लिए संबंधित विभाग को प्रेषित किया गया है। ताल तहसील के ग्राम नीमसाबदी निवासी शंकरलाल ने आवेदन देते हुए कहा कि प्रार्थी को शासन द्वारा पट्टे की भूमि नीमसाबदी में दी गई थी। उक्त पट्टा भूमि पर विगत 40 वर्षों से राजस्व रिकार्ड में प्रार्थी का नाम भू स्वामी के रुप में दर्ज चला आ रहा है, किन्तु राजस्व अभिलेख में अहस्ताँतरणीय शब्द अंकित हो जाने के कारण उक्त भूमि पर किसी प्रकार का लोन आदि प्राप्त होने में कानूनी बाधा उत्पन्न हो रही है। अत: राजस्व अभिलेख से अहस्तांतरणीय शब्द विलोपित करने की कृपा करें। आवेदन निराकरण के लिए तहसीलदार ताल को भेजा गया है।
शिव नगर निवासी कंचन जाटवा ने आवेदन देते हुए बताया कि प्रार्थिया के पति का कोरोना काल में निधन हो चुका है तथा प्रार्थिया की तीन संतानें है जिनके लालन-पालन में काफी कठिनाई का सामना करना पड रहा है। प्रार्थिया के पास आजीविका का कोई साधन नहीं है। अत: प्रार्थिया को बीपीएल कूपन प्रदान किया जाए ताकि शासकीय उपभोक्ता भण्डार से राशन की व्यवस्था हो सके। आवेदन निराकरण के लिए नगर निगम को भेजा गया है।

You missed

error: Content is protected !!