• Thu. Oct 29th, 2026

डोडाचूरा को पीस कर ढाबों को सप्लाय करता था अफीम तस्कर फजलू, प्रेस वार्ता में एसपी ने बताई अफीम तस्कर की कहानी

BySurendra Jain

Dec 19, 2023

खबर पक्की, 19 दिसंबर, रतलाम। जावरा की औद्योगिक क्षेत्र पुलिस द्वारा बीती रात भारी मात्रा में मादक पदार्थों के साथ पकडा गया फजलू डोडाचूरा को घर में ही पीस कर उसका आटा बनाता था और इसे ढाबों और होटलों को सप्लाय करता था। जब पुलिस ने घेराबन्दी कर उसे पकडा,उस वक्त भी उसके पास से जब्त डोडाचूरा पीसा हुआ ही मिला था।
यह जानकारी पुलिस अधीक्षक राहूल लोढा ने एसपी आफिस में आयोजित प्रेसवार्ता में दी। श्री लोढा ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र जावरा के थाना प्रभारी ओपी सिंह को बीती रात एक मुखबिर से विश्वसनीय सूचना मिली थी कि हसन पालिया निवासी फजलू उर्फ अली हुसैन पिता मजीद खां मेवाती 38 एक बिना नम्बर की कमाण्डर जीप लेकर भारी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर रतलाम की तरफ जाने वाला है। सूचना के आधार पर एसआई लक्ष्मीनारायण गिरी ने अपनी टीम के साथ मुखबिर के बताए स्थान पर घेराबन्दी की और खोखरा तिराहे के पास बिना नम्बर की कमाण्डर जीप को पकडा।
जीप को फजलू खुद चला रहा था। जीप की तलाशी लेने पर जीप में 62 किलो पिसा हुआ डोडा चूरा, 2 किलो आठ सौ ग्राम अफीम और 140 ग्राम एमडीएमए बरामद हुआ। इसके अलावा पुलिस को फजलू के पास से बारह बोर की दो लोड की हुई बन्दूके, 1 अतिरिक्त जिन्दा कारतूस,1 मोबाइल और 26400 रुपए नगद भी मिले। पुलिस ने मादक पदार्थ और अवैध हथियार मिलने पर आरोपी फजलू के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट,आम्र्स एक्ट और भादवि की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है। फजलू से जब्त किये गए माफक पदार्थो और वाहन समेत अन्य जब्त वस्तुओ की कुल कीमत 20 लाख जग, मस अधिक बताई गई है।
एसपी श्री लोढा ने बताया कि पकडा गया फजलू पूर्व से नारकोटिक्स ड्रग्स की तस्करी करता रहा है और उसके विरुद्ध कई अपराध पूर्व से पंजीबद्ध है। इसी के चलते उसके विरुद्ध जिला बदर की कार्यवाही की गई थी,जिसमें उसे जिला बदर कर दिया गया था। लेकिन जिला बदर होने के बावजूद वह हसन पालिया में रहकर तस्करी में लिप्त था। पुलिस को जानकारी मिली है कि वह अपने घर में ही डोडाचूरा को पीस कर उसे आसपास और काफी दूर दराज के ढाबों तक सप्लाय करता था।
श्री लोढा ने बताया कि पुलिस फजलू के बारे में सारी जानकारियां एकत्र कर रही है। पुलिस रिमाण्ड मिलने के बाद इस बात का पता लगाया जाएगा कि वह मादक द्रव्य किसे सप्लाय करने वाला था और ये मादक पदार्थ वह लाता कहां से था।उसके द्वारा अतिक्रमण किए जाने की भी जानकारी मिल रही है। जिसकी सत्यापन होने के बाद अतिक्रमण को ढहाने की कार्यवाही भी की जाएगी।
उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा निरीक्षक ओ. पी. सिंह, उनि लक्ष्मीनारायण गिरी उनि राकेश मेहरा, प्रआर 300 कमल परमार. प्रआर 276 दिलीप शर्मा, प्रआर 850 शैलेष ठकराल, प्रआर 427 कृष्णपाल सिह पवार, आर 858 रविन्द्र सिह, आर 190 कृष्णपालसिह, आर 992 अर्जुन चदेल, आर 623 रमेश पांचाल, आर 999 कुलदिप जाट, आर 482 महेन्द्रसिह मआर राधा डामर एव सैनिक दिनेश शर्मा की सराहनीय भूमिका रही।

You missed

error: Content is protected !!