खबर पक्की, 18 अक्टूबर, रतलाम। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री भास्कर लक्षाकार ने जिले के आबकारी विभाग को निर्देशित किया है कि जिले में स्वतंत्र, निष्पक्ष विधानसभा निर्वाचन सम्पन्न करवाना है, विभाग अवैध शराब के विरुद्ध धरपकड में तेजी लाए। बुधवार को नोडल अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई, कलेक्टर ने जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती नीरजा श्रीवास्तव को कार्यवाहियों में अपेक्षित प्रगति के लिए निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री लक्षाकार ने जिला आबकारी विभाग को निर्देशित किया कि जिले के शहरी क्षेत्रों के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी आबकारी अमला सक्रियता से कार्य करे। अवैध शराब की बिक्री तथा परिवहन पर कडी नजर रखी जाए। संदिग्ध वाहनों को चेक किया जाए। कलेक्टर ने विभाग द्वारा अब तक की गई कार्यवाही पर असंतोष व्यक्त किया। कलेक्टर ने अब तक की गई कार्यवाही की संख्यात्मक जानकारी प्राप्त की, यह पाया कि अनुपातिक रुप से कार्य नहीं किया जा सका है।
परिवहन विभाग को सुसंगत ढंग से वाहन व्यवस्था के दिए निर्देश
कलेक्टर श्री लक्षाकार ने नोडल अधिकारियों की बैठक में जिला परिवहन विभाग की वाहन व्यवस्था का अपडेट लिया। अब तक की गई कार्यवाही पर असंतोष व्यक्त किया। परिवहन विभाग विधानसभा निर्वाचन में लगभग 700 वाहनों की व्यवस्था करेगा। इनमें फोर व्हीलर, ट्रक, बस तथा ट्रेक्टर सम्मिलित हैं। निर्वाचन में लगे सेक्टर अधिकारियों, मतदान दलों तथा अन्य व्यक्तियों के लिए विभाग वाहनों की व्यवस्था कर रहा है। कलेक्टर ने जिला परिवहन अधिकारी श्री दीपक मांझी को निर्देशित किया कि मतदान दलों को सामग्री वितरण के दौरान नियोजित ढंग से वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। सामग्री वितरण स्थलों पर उचित पार्किंग भी देख ले। इसके साथ ही अधिग्रहित किए गए वाहन निर्धारित समय पर अपनी आमद की सूचना विभाग को देंवें यह सुनिश्चित किया जाए। अधिग्रहित वाहनों की फिटनेस, चालक लायसेंस इत्यादि शासकीय नियमानुसार होना चाहिए।

