• Thu. Oct 29th, 2026

आचार्य प्रवर श्री विजयराजजी मसा की निश्रा में केसरिया-केसरिया, आज हमारों मन केसरिया से गंूजा परिसर, छोटू भाई की बगीची में दीक्षा प्रतिज्ञा और आज्ञा का ठाठ

BySurendra Jain

Oct 17, 2023

खबर पक्की, 17 अक्टूबर, रतलाम। पूज्य, प्रज्ञा निधि, युगपुरूष, आचार्य प्रवर 1008 श्री विजयराजजी मसा की निश्रा में चल रहे अभ्युदय चातुर्मास में मंगलवार को छोटू भाई की बगीची में दीक्षा के प्रतिज्ञा और आज्ञा पत्रों का ठाठ लग गया। तीन मुमुक्षु भाईयों की दीक्षा की घोषणा होते ही पूरा परिसर केसिरया-केसरिया, आज हमारो मन केसरिया से गूंज उठा। आचार्यश्री ने 18 फरवरी को इंदौर में तीनों मुमुक्षु को दीक्षा प्रदान करने की घोषणा की। रतलाम श्री संघ ने इससे पूर्व मुमुक्षुओं के वीर परिवारों का बहुमान किया।
आचार्यश्री के श्रीमुख से इंदौर में रायचुर कर्नाटक के मुमुक्षु सूरज कांकरिया, मैसूर के अक्षय सेहलोत एवं खरियारोड उडीसा के मोहित संकलेचा जैन भागवती दीक्षा अंगीकार करेंगे। सोमवार को सूरज के माता-पिता शांतिलाल-चंदनबाई कांकरिया, अक्षय के माता-पिता प्रकाश-मधुबाला सेहलोत एवं मोहित के माता-पिता हुकुमचंद-सपनाबाई संकलेचा ने दीक्षा हेतु आज्ञापत्र प्रदान किए। इससे पूर्व तीनों मुमुक्षुओं ने अपने प्रतिज्ञा पत्र सौंपे। दीक्षा की घोषणा होते ही पूरे परिसर में मुमुक्षुओं और उनके परिवार की जय-जयकार हुई। इससे पूर्व मुमुक्षु परिवार की सदस्यों ने भाव व्यक्त किए। रतलाम श्री संघ की और से अध्यक्ष मोहनलाल पिरोदिया एवं मंत्री दिलीप मूणत, युवा संघ अध्यक्ष मनीष पिरोदिया एवं मंत्री हर्ष पटवा एवं महिला मंडल अध्यक्ष प्रमिला पितलिया एवं मंत्री सरोज मेहता आदि ने वीर परिवार के समस्त सदस्यों का बहुमान किया। धर्मसभा में उपस्थित श्रावक-श्राविकाओं ने अनुमोदना-अनुमोदना के स्वरों से बहुमान का अनुमोदन किया। इस मौके पर महासती श्री इन्दुप्रभाजी मसा ने 29 उपवास के प्रत्याख्यान लिए। मुमुक्षु मोहित के भाई हर्षित एवं भाभी माया संकलेचा ने 8-8 उपवास के प्रत्याख्यान लिए। गुरू सप्ताह महोत्सव के तहत मंगलवार को प्रेरणा की पहल का आयोजन हुआ। तारीख से आचार्यश्री का जन्म दिवस मनाया गया। तिथी से 18 अक्टूबर को आचार्यश्री के जन्म दिवस पर गुरू सप्ताह का समापन होगा। इस मौके पर सामायिक एवं एकाशना दिवस मनाया जाएगा। अभा साधुमार्गी शांतक्रांति जैन युवा संघ ने समाजजनों से अधिक से अधिक सहभागिता करने का आव्हान किया है।
दीक्षा इंदौर में, नए साल की मांगलिक नागदा में होगी
आचार्य प्रवर श्री विजयराजजी मसा ने धर्मसभा में मुमुक्षु भाई को इंदौर में दीक्षा प्रदान करने के साथ 1 जनवरी 2024 को नए वर्ष की महामांगलिक नागदा में श्रवण कराने की घोषणा की। उन्होंने इससे पूर्व प्रवचन में जैसी संगत, वैसी रंगत पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मुमुक्षुओं ने आरंभ से अपना ध्यान त्याग और संयम में लगाया, इसलिए उनमें दीक्षा लेकर आत्म कल्याण का भाव निर्मित हुआ है। जीवन में संकल्प कभी अधूरे नहीं रहते और सपने कभी पूरे नहीं होते है। संकल्प में सिद्धी और शक्ति है। इसलिए संशय नहीं समर्पण करना चाहिए और सवाल नहीं समाधान ढूंढना चाहिए। आचार्यश्री ने कहा रतलाम श्री संघ का सौभाग्य है कि उसके आंगन में तीन मुमुक्षु आत्म कल्याण और जिन शासन की प्रभावना का लक्ष्य पूरा करने का संकल्प ले रहे है। धर्मसभा में नन्हे बालक विरल हिंगड ने 14 वर्ष की उम्र में दीक्षा लेने का संकल्प लिया। उपाध्याय प्रवर श्री जितेशमुनिजी मसा ने कहा कि दीक्षा लेने वाले तो महान होते ही है, लेकिन दीक्षा के लिए अपने कलेजे के टुकडे को आज्ञा देने वाले माता-पिता बहुत महान होते है। धर्मसभा को श्री युगप्रभजी मसा ने भी संबोधित किया। संचालन विजेन्द्र गादिया एवं हर्षित कांठेड द्वारा किया गया।

You missed

error: Content is protected !!