खबर पक्की, 7 अक्टूबर, रतलाम। विधानसभा चुनाव की आदर्श आचार संहिता को लेकर दिन भर अफवाहें चलती रही। चुनाव आचार संहिता लागू होने के कुछ व्हाट्सएप मैसेज दिनभर वायरल हुए और लोग एक दूसरे से आचार संहिता की सच्चाई जानने के लिए फोन लगाते रहे। हांलाकि शाम को जनसम्पर्क विभाग ने फैक्ट चैक कर इन व्हाट्सएप मैसेज को झूठा करार दे दिया।
उल्लेखनीय है कि अब आचार संहिता लागू होने में कुछ ही दिन बचे है। आने वाले कुछ दिनों में किसी भी दिन आचार संहिता लागू हो सकती है। लेकिन आज दोपहर कुछ व्हाट्सएप मैसेज अचानक से प्रदेश भर में वायरल होने लगे, जिनमें आचार संहिता लागू होने और विधानसभा चुनाव की तारीखें घोषित होने की खबर फैलाई गई थी। आचार संहिता जारी होने के व्हाट्सएप मैसेज वायरल होने के साथ ही पूरे प्रदेश में आचार संहिता लागू होने की अफवाहें फैलने लगी। लोग अपने मित्र परिचितों को फोन लगाकर इस खबर की सच्चाई जानने की कोशिशों में लग गए।
हालांकि शाम को जनसम्पर्क विभाग की ओर से बाकायदा फैक्ट चैक करते हुए इस प्रकार के मैसेज को झूठा बताया गया और स्पष्ट किया गया कि चुनाव आयोग ने अब तक चुनाव की तिथियां घोषित नहीं की है और आचार संहिता भी लागू नहीं हुई है।

